महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 अक्टूबर। ग्राम बेलडीह पठार में कल ग्रामीणों और आबकारी विभाग के बीच काफी देर तक विवाद होता रहा। टीम जैसे-तैसे गांव से बाहर निकली। कार्रवाई में आबकारी विभाग ने एक ग्रामीण से 6 लीटर महुआ शराब, 200 किलो महुआ लाहन जब्त किया, वहीं एक व्यक्ति टीम को देखकर फरार हो गया, लेकिन उसके घर से 110 लीटर महुआ शराब व 1 हजार किलो महुआ लाहन जब्त किया गया।
बसना सर्किल के आबकारी उप निरीक्षक महेश वर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बेलडीह पठार में अवैध रूप से शराब बनाकर बेच रहे हैं। सूचना पर बसना, पिथौरा, बागबाहरा व महासमुंद वृत्त की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई के लिए सुबह गांव पहुंची। पहले अमृत लाल कोसरिया के यह टीम ने दबिश दी। उसके हिरासत में लिया ओर उसके घर से 6 लीटर महुआ शराब व 200 किलो लाहन जब्त किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर गाड़ी में बिठाया। इसके बाद टीम कन्हैया लाल खुंटे के यहां दबिश दी।
कन्हैया टीम को देखकर मौके से फरार हो गया, लेकिन उसके घर से 110 लीटर महुआ शराब व 1 हजार किलो महुआ लाहन जब्त किया गया। इधर, आबकारी की कार्रवाई गांव में फैल गई और ग्रामीण आक्रोशित हो गए, जैसे ही अमृत लाल को गाड़ी में बिठाकर ले जा रहे थे, उसी समय ग्रामीण गाडिय़ों के सामने आकर रास्ता रोक खड़े हो गए और विभाग पर मनमानी का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगे।
इसके बाद टीम बड़ी मुश्किल से मौके से निकल सकी। इस मामले में बेलडीह पठार के ग्रामीणों ने कहा है कि विभाग गलत कार्रवाई कर रहा है। टीम के द्वारा बेवजह ग्रामीणों को परेशान किया जा रहा है। घरों में छापामार कार्रवाई की जा रही है, लेकिन टीम को शराब नहीं मिल रहा है। इसके बावजूद झूठा प्रकरण बनाकर कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि अमृत के यहां शराब बरामद नहीं की गई है। इसके बावजूद उसे उठाकर पुलिस ले गई है।