महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18अक्टूबर। ग्राम घोड़ारी एनएच - 53 पुराना पुल जाने वाले मार्ग में कल सुबह मिली अधजली लाश की शिनाख्त अब तक नहीं हुई है। महासमुंद कोतवाली पुलिस ने कल पंचनामे के तत्काल बाद पोस्टमार्टम के लिए रायपुर भेज दिया था।
शव को देखकर पुलिस यह अनुमान लगा रही है कि किसी ने हत्या कर पहचान छुपाने की नीयत से उसके चेहरे को जला दिया है। साथ ही यह भी आशंका है कि आरोपी ने वारदात को दूसरी जगह अंजाम दिया और शव को एनएच के करीब लाकर जलाया गया है।
सोमवार सुबह शव मिलने की सूचना पर कोतवाली पुलिस, साइबर टीम, फोरेंसिक टीम घटना स्थल पहुंची थी। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस जांच में जुट गई है। आसपास थाना क्षेत्रों व सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की पहचान की कोशिश हो रही है। कोतवाली पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या मान रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरपुंजे ने बताया कि सोमवार सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली कि एनएच-53 से लगे पुराने पुल जाने के मार्ग में एक युवक का शव पड़ा हुआ है, जिसका चेहरा जला है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना किया। फोरेंसिक टीम भी वहां पहुंची शव का परीक्षण किया गया। मृतक की उम्र 25 से 30 साल की है। कोतवाली थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर ने बताया कि मृतक की पहचान न हो इसलिए आरोपी ने चेहरे को जला दिया है। उन्होंने बताया कि घटना स्थल के आसपास कोई सामान बरामद नहीं हुई है। शव को देखने से लग रहा है कि हत्या कहीं और हुई है। यहां शव को लाकर जलाया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने मृतक के चेहरे को जूता व प्लास्टिक से जलाया है।