महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 अक्टूबर। महासमुंद जिले में दलहन फसल की खरीदी सोमवार से शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ में यह पहला अवसर है जब किसान समर्थन मूल्य पर दलहन फसल को बेच सकेंगे। इससे पहले किसान खुले बाजार में अपनी फसल बेचने को मजबूर थे, जिसका फायदा बिचौलिए उठाते थे। महासमुंद जिले के बसना स्टेट वेयर हाउस गोदाम में उपार्जन केंद्र बनाया गया है। कल पहले दिन यहां 7 किसानों ने 1.36 क्विंटल मूंग बेचा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर स्थित अपने निवास से वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मूंग, उड़द व अरहर क्रय (पीएम आशा) पोर्टल का शुभारंभ भी किया।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य में धान की फसल के साथ-साथ अन्य फसलों की उत्पादकता को बढ़ावा देने और किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार धान की फसल के साथ अब मूंग उड़द एवं अरहर की फसल भी समर्थन मूल्य में खरीदेगी। इसकी सोमवार से शुरुआत की गई है।
कल इसी दौरान कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि मूंग, उड़द की खरीदी बसना ब्लॉक स्थित स्टेट वेयरहाउस गोदाम उपार्जन केंद्र से शुरू हो रही है। उन्होंने बताया कि चालू खरीदी वर्ष में गिरदावरी रकबा 7497 हेक्टेयर है। दोनों फसलों में जिले के लगभग 2472 किसानों का पंजीयन हुआ है, जो समर्थन मूल्य पर दलहन की खरीदी से लाभान्वित होंगे। उन्होंने खरीदी के लिए पर्याप्त व्यवस्था के लिए विभाग को निर्देशित किया है, ताकि किसानों को खरीदी के दौरान किसी तरह की दिक्कत ना हो।
सना ब्लॉक स्थित स्टेट वेयरहाउस गोदाम उपार्जन केंद्र में दलहन खरीदी के पहले दिन किसान उत्साहित नजर आए। पहले दिन 7 किसानों से 1 क्विंटल 36 किलो दलहन की खरीदी की गई। 1 किसान से लगभग 30 किलो मूंग की खरीदी की गई। किसानों ने बताया कि पहली बार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से काफी उत्साह है। अगले साल दोगुने स्तर पर दलहन की फसल ली जाएगी।
सीएम ने बसना ब्लॉक के ग्राम संकरी के किसान गंगासागर चौधरी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत भी की। इस दौरान सीएम ने उनसे जमीन और फसल आदि के बारे में जानकारी ली। सीएम ने कहा कि समर्थन मूल्य में खरीदी से आप की आय बढ़ेगी। किसान गंगासागर चौधरी ने समर्थन मूल्य पर खरीदी का स्वागत किया।