महासमुन्द
सरायपाली, 17 अक्टूबर। ब्लॉक के राशन दुकानों के विक्रेताओं ने अनुविभागीय अधिकारी सरायपाली को कल अपनी 3 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है।
ब्लॉक के राशन विक्रेताओं ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को दिए आवेदन में बताया है कि मार्च 2022 ईपोस मशीन के माध्यम से राशन कार्ड हितग्राहियों को चावल वितरण किया जाता है, ग्रामीण अंचलों में सर्वर की समस्या रहती है जिसके चलते हितग्राहियों को राशन लेने दो से तीन बार शासकीय उचित मूल्य की दुकान जाना पड़ता है, ऑनलाइन वितरण पद्धति को बंद कर ऑफलाइन राशन वितरण करने अनुमति देने मांग की है,वहीं आगे उन्होंने बताया कि नान ऑफिस में ट्रांसपोर्टरों द्वारा धर्म कांटा में 15 से 20 दिन पहले तौल कर भंडारण किया जाता है।
जिससे प्रत्येक हितग्राहियों को इलेक्ट्रॉनिक कांटा में तौलकर देने से कई किलो चावल की कमी आती है, इसलिए चावल वितरण में सुखत प्रदान करने की मांग की है, वे तीसरी मांगों में उन्होंने बताया कि उचित मूल्य की दुकान को स्व सहायता समूह एवं अन्य संस्था को संचालित करने ना दिया जाए। उक्त अवसर पर हिम्मत लाल प्रधान, सुभाष चौधरी, जितेंद्र साहू,भवानी दास, लोकेश चौधरी,भोजराज साहू, अनिल प्रधान, शंकर यादव सहित आदि उपस्थित थे।