महासमुन्द

सभी फीडरों में मेंटेनेंस का काम जारी
15-Oct-2022 4:47 PM
सभी फीडरों में मेंटेनेंस का काम जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 अक्टूबर।
स्थानीय नेहरू चौक पर बिजली विभाग इंटर कनेक्शन पोल स्थापित कर मोहल्लों में होने वाले बिजली गुल की समस्या को दूर करने का प्रयास कर रही है।  शुक्रवार को विभाग ने नेहरू चौक में इंटर कनेक्शन पोल स्थापित कराया है। इस पोल के स्थापित होने से आसपास के मोहल्लों को फायदा होगा।

बिजली विभाग के अधिकारियों ने शहर के कुछ मोहल्ले लाइट गुल से परेशान न हो इसके लिए तीन इंटर कनेक्शन और स्थापित किए हैं। यानी बढ़ते कनेक्शन को अन्य कनेक्शन से जोड़ दिया है। अब जिस क्षेत्र में काम चलेगा उसी क्षेत्र में विद्युत बाधित रहेगी और अन्य क्षेत्र में बिजली चालू रहेगी।

इस संबंध में शहर जेई संजय भगत ने बताया कि तीन इंटर कनेक्शन शहर में स्थापित किए हैं। एक गर्मी के समय में बागबाहरा क्षेत्र की ओर स्थापित किया गया है। सप्ताह भर पूर्व दलदली रोड व शुक्रवार को नेहरू चौक में इंटर-कनेक्शन स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस इंटर कनेक्शन के जरिए अब पर्टिकुलर एक ही क्षेत्र में बिजली गुल रहेगी वहीं बारिश व अन्य कारणों से फाल्ट आता है इसी इंटर कनेक्शन के जरिए बिजली सप्लाई कर शहरवासियों को सुविधा दी जाएगी। जहां फाल्ट होगा वहां लाइट गुल रहेगा।

कहा जा रहा है कि दीपावली त्योहार के पूर्व विद्युत विभाग बिजली सुचारू रूप से सप्लाई हो इसकी तैयारियां कर रहा है। 33 केवी उप केंद्रों से निकलने वाले सभी फीडरों में मेंटेनेंस का काम कर रही है। वहीं जहां-जहां तार पेड़ से छिप गए वहां पेड़ों के शाखाओं की छटाई भी की जा रही है। 7 अक्टूबर से मेंटेनेंस का कार्य शुरू हुआ है। 21 अक्टूबर तक मेंटेनेंस का कार्य चलेगा। यानी यह कार्य सात दिन और चलेगा। इसके बाद लोगों को बिजली गुल से राहत मिलेगी।

शनिवार आज 11 केवी टाउन-1 में मेंटेनेंस का काम चल रहा है। इसके चलते सुबह 9 बजे से दोपहर दो बजे तक लाइट बंद है। आज मेंटेनेंस काम के चलते बीटीआई रोड, भाजपा कार्यालय के पीछे, पुराना मलेरिया ऑफिस, भलेसर रोड, बागबाहरा रोड, नया रावणभांठा व कुम्हारपारा में बिजली गुल है।

मालूम हो कि शहर सहित ग्रामीण अंचलों में इन दिनों दीपावली पूर्व मेंटेनेंस का कार्य चल रहा है। इसकी वजह से उप केंद्रों से निकले फीडर की लाइट गुल है। लेकिन अन्य फीडरों में काम नहीं होने के कारण लाइट चालू है। जिससे राहत लोगों को राहत मिल रही है। पहले मेंटेनेंस के चलते शहर के एक दो इलाकों में आए दिन बिजली गुल रहती थी। लेकिन वर्तमान में इंटर कनेक्शन होने के कारण पर्टिकुलर क्षेत्र यानी जहां काम चलता है वहीं लाइट बंद रहती है, पूरे शहर में लाइट बंद नहीं रहती है।


अन्य पोस्ट