महासमुन्द

एक घंटे तक बंधक बने रहे जिपं के अधिकारी-कर्मचारी, एसडीएम ने खुलवाया ताला
15-Oct-2022 2:57 PM
एक घंटे तक बंधक बने रहे जिपं के अधिकारी-कर्मचारी, एसडीएम ने खुलवाया ताला

15वें वित्त आयोग की राशि में कम आबंटन को ले नाराज हैं भाजपा समर्थित जिपं सदस्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 अक्टूबर।
कलेक्टर से 15वें वित्त आयोग की राशि में कम आबंटन की शिकायत के बाद भी मामला नहीं सुलझने पर भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य आक्रोशित हो गए और उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों व समर्थकों के साथ कल शुक्रवार दोपहर जिला पंचायत कार्यालय में ताला जड़ दिया। वे सीईओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यालय के सामने धरना देकर बैठ गए और पुलिस अधिकारियों के बार-बार समझाइश के बाद भी नहीं माने। तालाबंदी से करीब एक घंटे तक जिला पंचायत के अधिकारी व कर्मचारी बंधक बने रहे। घंटे भर बाद एसडीएम राकेश गोलछा मौके पर पहुंचे और ज्ञापन लेकर आंदोलनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले के जल्द ही निराकरण के लिए कलेक्टर से चर्चा करेंगे। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम को एक और मौका देते हुए कहा कि इस बार यदि समस्या का हल नहीं होगा तो उग्र आंदोलन करेंगे।

जिला पंचायत सदस्य अल्का नरेश चंद्राकर के नेतृत्व में अन्य सदस्यों व भाजपाई सुबह 11 बजे भाजपा जिला कार्यालय में एकत्र हुए। इसके बाद करीब सवा 12 बजे रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। भाजपाइयों को रोकने प्रशासन ने कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर स्टापर लगाकर बेरिकेटिंग कर रखी थी। रैली के पहुंचते ही नेता पुलिस के स्टापर को धक्का देते हुए कार्यालय में घुसे व प्रवेश द्वार में तालाबंदी कर गेट में ही धरने पर बैठ गए।

जिला पंचायत सदस्यों ने कहा कि राशि आंबटन में भेदभाव के चलते उनके क्षेत्र में विकास कार्य बाधित हो गया है। पंचायतों में दौरे के दौरान सरपंच और जनपद सदस्यों द्वारा विकास के लिए राशि की मांग की जाती है। पर 15 वें वित्त की राशि में कम आंबटन से जवाब देना मुश्किल हो जाता है।


अन्य पोस्ट