महासमुन्द

छत्तीसगढ़ के 36 जिलों में पिथौरा सबसे उपयुक्त-पटनायक
14-Oct-2022 7:22 PM
छत्तीसगढ़ के 36 जिलों में पिथौरा सबसे उपयुक्त-पटनायक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 पिथौरा, 14 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में होने वाले 36 जिलों में एक जिला पिथौरा को बनाने की मांग उठने लगी है। इसका मूल आधार पिथौरा तहसील एवं मुख्यालय की भौगोलिक स्थिति को माना जा सकता है। सेवानिवृत सहकारिता अधिकारी, लेखक, चिंतक एवं वरिष्ठ समाजसेवक शिवशंकर पटनायक ने पिथौरा जिला बनाने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को इसके लिए पत्र भी लिखा है।

जैसे कि देश भर में चर्चा है कि छत्तीसगढ़ 36 जिलों का एक सम्पन्न प्रदेश होगा। इसके लिए लगातार प्रदेश के बड़े जिलों को छोटा करने एवं निये जिलों के निर्माण के लिए लगातार सर्वेक्षण कराया जा रहा है। अब तक कुल 32 जिले बन चुके है। लिहाजा माना जा रहा है कि भूपेश सरकार द्वारा चुनाव के पूर्व ही छत्तीसगढ़ में 36 जिलों का लक्ष्य पूर्ण करने हेतु 4 और जिलों का निर्माण कर दिया जाएगा।

सामाजिक कार्यकर्ता श्री पटनायक ने इन नए बनने वाले जिलों में पिथौरा के बारे में गंभीरता से विचार करने का आग्रह प्रदेश के मुखिया से किया है।

श्री पटनायक ने बताया कि पिथौरा के 4 किलोमीटर परिधि में जिला कार्यालय हेतु पर्याप्त सरकारी भूमि है। राष्ट्रीय राज मार्ग 53 में बसे पिथौरा को जिला बनाया जाए तो बागबाहरा की ओर से ओडिशा बार्डर, सराईपाली, बसना क्षेत्र से ओडिशा सीमा एवं कसडोल विधान सभा के अधिकांश ग्राम पिथौरा से लगातार व्यवसायिक एवं सामाजिक रूप से जुड़े है।

इन क्षेत्र के लोगों का प्रतिदिन पिथौरा आना-जाना होता रहता है। जिला निर्माण के बाद इन क्षेत्रों की एक बड़ी आबादी को इससे सुविधा मिलने लगेगी। वर्तमान में पिथौरा से लगे कसडोल क्षेत्रवासियों को जिला मुख्यालय किसी कार्य से जाने के लिए जाने 100 किलोमीटर से अधिक रास्ता तय करना होता है।

इसमें भी अधिकांश जंगल रास्ता पड़ता है। पिथौरा को जिला बनाने से इस क्षेत्रवासियों के लिए जिला मुख्यालय इसी तरह बसना क्षेत्रवासीयो को जिला मुख्यालय की वर्तमान दूरी 150 किलोमीटर से हटकर 35 किलोमीटर हो जाएगी।


अन्य पोस्ट