महासमुन्द
शहर में खाली जमीन, सडक़, नाली, तालाब समेत सारी जानकारियां अब एक क्लिक में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 अक्टूबर। आगामी दिनों में पालिका अफसरों और कर्मियों को शहर में खाली जमीन, सडक़ए नाली और तालाब सहित अन्य जानकारी के लिए मौके पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे शहर में कहां पर क्या हैं ये सब जानकरी एक क्लिक में अपने मोबाइल या फिर ऑफिस के कम्प्यूटर में बैठकर देख पाएंगे। इसके लिए छग के सूडा विभाग द्वारा महासमुंद पालिका क्षेत्र का डिजिटल नक्शा तैयार कराया जा रहा है।
इस डिजिटल नक्शे के लिए शासन के अधिकृत जीओ मैप्स कम्पनी ने सोमवार को शहर में अलग-अलग पाइंट बनाकर मैपिंग का कार्य कर लिया है। उक्त मैपिंग के आधार पर देश में डिजिटल नक्शा तैयार करने वाली कंपनी मैप आई इंडिया द्वारा डिजिटल नक्शा तैयार कर विभाग को सौंप देगी। जिसे शासन के सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा और इसे पालिका के अफसर और कर्मी देख पाएंगे।
बीते सोमवार को शहर में मैपिंग के लिए आई जीओ मैप्स कम्पनी के इंजीनियर शिशिर सिंह स्टॉफ के साथ यहां पहुंचे थे। श्री सिंह ने बताया कि राज्य के 46 निगम और पालिका का डिजिटल नक्शा तैयार किया जा रहा है। जिसमें महासमुंद भी शामिल है। श्री सिंह ने बताया कि महासमुंद नगर पालिका क्षेत्र कुल 15 वर्ग किमी में फैला हुआ है। इसकी मैपिंग के लिए करीब 20 पाइंट बनाए गए थे जिसमें बीटीआई रोड में केंद्रीय विद्यालय, तुमगांव रोड में उत्तम फ्यूल्स, बागबाहरा रोड में नया रावणभाठा, रायपुर रोड में और पिटियाझर रोड में प्रमुख पाइंट बनाए गए थे। यहां प्रति 45 मिनट तक मैपिंग करने के लिए मैपिंग मशीन लगाकर पूरे इलाके का डाटा कलेक्ट किया गया है। उक्त डाटा डिजिटल नक्शा तैयार करने वाली कंपनी मेप आई इंडिया को दिया जाएगा जिनके द्वारा ड्रोन कैमरे से उक्त पाइंट के क्षेत्र स्थित सडक़, नाली, खेत, तालाब, मकान और अन्य डिजिटल तस्वीर ली जाएगी।
जानकारी अनुसार इस डिजिटल नक्शे का उद्देश्य पालिका क्षेत्र की जानकारी एकत्र करने के साथ ही प्रापर्टी टैक्स और भविष्य में उक्त स्थानों में होने वाले निर्माण कार्य में काम आना है। इस नक्शे से शहर के कितने इलाके में खेती होती है, कितने तालाब हैं और उसकी स्थिति क्या है, किन स्थानों पर सडक़ नाली बन चुकी है और कहां निर्माण की आवश्यकता है यह पूरी जानकारी मिल पाएगी।