महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 अक्टूबर। देश के बच्चों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने, लोकप्रिय बनाने और विकसित करने की दृष्टि से एनसीईआरटी द्वारा हर साल ब्लॉक से लेकर राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है जहां बच्चे विज्ञान और गणित में अपनी प्रतिभा और दैनिक जीवन से संबंधित विभिन्न क्षेत्रों में अपने अनुप्रयोगों का प्रदर्शन करते हैं। इसी के तहत जोन स्तरीय विज्ञान मेले का आयोजन शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय शंकर नगर रायपुर में वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया गया।
एनसीईआरटी द्वारा जोन स्तर पर आयोजित प्रौद्योगिकी एवं खिलौना,विषय अंतर्गत 7 उप कथानक, एकल, सामूहिक परियोजना, विज्ञान सेमिनार का आयोजन किया गया जिसमें महासमुंद जिले के युवा वैज्ञानिक गौरव चंद्राकर के मार्गदर्शन में 11 बाल वैज्ञानिकों का चयन राज्य स्तरीय विज्ञान मेले के लिए किया गया है। राज्य स्तरीय मेले का आयोजन 18-19 अक्टूबर को रायपुर में किया जाना है जहां इन बाल वैज्ञानिकों ने राष्ट्रीय स्तर पर चयन के लिए मॉडल का चयन किया जाएगा।
जोन स्तरीय विज्ञान मेले में शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय शंकर नगर रायपुर में वर्चुअल आयोजित प्रदर्शनी में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, शासकीय मिडिल अंग्रेजी कन्या विद्यालय पिथौरा के बाल वैज्ञानिकों का चयन किया गया है। जिसमें शासकीय कन्या उच्चतर विद्यालय के बच्चों उप कथानक सूचना व संचार प्रौद्योगिकी में उन्नति अलिभा भोई मल्टीपरपज इनफार्मेशन सिस्टम, द्वितीय स्वास्थ्य व स्वच्छता गीतांजलि डडसेना सोलर स्मार्ट डस्टबीन, तृतीय परिवहन व नवाचार पायल बरिहा स्मार्ट चश्मा प्रथम, वर्तमान नवाचार के साथ ऐतिहासिक विकास तेजस्वी डडसेना टचलेस सिस्टम तृतीय, एकल परियोजना रुचि सिन्हा स्मार्ट स्कूल तृतीय, सरस्वती शिशु मंदिर के चयनित बच्चे उप कथानक पर्यावरण अनुकूल सामग्री मीनाक्षी निर्मलकर रिवर क्लीनर सिस्टम प्रथम, पर्यावरण संबंधी चिंताएं गीतिका पटेल आधुनिक पर्यावरण संरक्षण यंत्र द्वितीय, सामूहिक परियोजना पर्यावरण संरक्षण मिली सोना, लक्ष्मी सिन्हा, क्रांति पाल, प्रथम स्थान, विज्ञान सेमिनार में शासकीय कन्या मिडिल अंग्रेजी विद्यालय की छात्रा अर्शी शेख सतत विकास के लिए विज्ञान चुनौतियां व संभावनाएं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सभी चयनित प्रतिभागियों को जिला शिक्षा अधिकारी एस चंद्रसेन, हिमांशु भारतीय सहायक संचालक, विज्ञान मेला जिला नोडल प्रभारी हेमेंद्र अचार्य, जगदीश सिन्हा, विकास खंड शिक्षा अधिकारी के के ठाकुर, अतुल प्रधान बीआरसीसी, आसाराम बरिहा प्राचार्य ने अगले स्तर के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।