महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 अक्टूबर। पिथौरा विकासखंड के ग्राम सोहागुपर के ग्रामीण पट्टा की मांग को लेकर पिछले कई साल से सरकारी दफ्तरों के चक्कर खाकर थक गए हैं, लेकिन आज तक उन्हें पट्टा नहीं मिला है। वहीं ग्रामीण भी अपनी मांग को लेकर हर बार कलेक्टर से मुलाकात कर पट्टा की मांग करते हैं। मंगलवार को भी एक बार फिर उम्मीद से ये ग्रामीण कलेक्टोरेट पहुंचे थे।
मालूम हो कि पट्टा नहीं मिलने से ग्रामीणों को धान बेचने में परेशानी होती है। इन ग्रामीणों को समर्थन मूल्य का लाभ नहीं मिलता है। किशनु ठाकुर, ज्ञान सिंह, थान सिंह, तुलसीराम, शिकारी ठाकुर सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि करीब 100 लोगों का गांव में 300 एकड़ का कब्जा है। यहां धान की फसल बुआई कर अपना जीवन यापन करते हैं। पूर्वज इसी जमीन पर फसल लेते आ रहे हैं। स्वयं 70 साल से खेती कर रहे हैं पर शासन ने आज तक पट्टा नहीं दिया। कई बार अधिकारियों से पट्टे की मांग की लेकिन आज तक पट्टा नहीं मिला है। पिछले कई सालों से पट्टा नहीं मिलने से अपनी उपज को औने पौने दाम में बेच रहे हैं। समर्थन मूल्य का लाभ नहीं मिल रहा है। इससे आर्थिक स्थिति खराब है।