महासमुन्द

इस दीवाली महिला समूह की बनाई रंगोली से सजेंगे घर-आंगन
12-Oct-2022 2:42 PM
इस दीवाली महिला समूह की बनाई रंगोली से सजेंगे घर-आंगन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 अक्टूबर।
दीपावली त्योहार पर इस बार सिरपुर की महिला स्व सहायता समूह की बनाई गई रंगोली से लोगों के घर आंगन सजेंगे।
इस बार सी मार्ट की ओर से इन महिलाओं को 20 क्विंटल रंगोली तैयार करने का ऑर्डर मिला है जिसके लिए रंगोली तैयार करने में समूह की  महिलाएं जुटी हुई हैं। शासन की पहल से महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार रंगोली इस बार बाजार के अलावा सी.मार्ट के स्टॉल में भी बिकेगी। जिसके लिए सी.मार्ट ने रंगोली की डिमांड महिला समूहों को भेज दी है।

गौरतलब है कि महासमुंद जिले में सिरपुर स्व सहायता समूह की रेखा, पायल, सुनीता सिहत अन्य महिलाएं रंगोली बनाने का कार्य कर रही हैं। ये महिलाएं रेत व रंगों से रंगोली बना रही हैं। इन महिलाओं को निदान सेवा परिषद के द्वारा रंगोली बनाने का प्रशिक्षण भी दिया गया है।

जानकारी के अनुसार इस समूह में करीब दस महिलाएं हैं। लेकिन रंगोली का निर्माण 5 महिलाएं मिलकर कर रही हैं। ये बहुत आकर्षक रंगों में रंगोली बना रही हैं।
इस समूह द्वारा बनाई जा रही रंगोली की बिक्री बाजार के अलावा इस बार सी.मार्ट के माध्यम से भी होगी। जिला मुख्यालय में वन परिक्षेत्र अधिकारी कार्यालय के बाजू में सी.मार्ट संचालित हो रहा है। स्थानीय उत्पादों को अच्छा बाजार मिले इसलिए सी.मार्ट का संचालन किया जा रहा है। जहां अलग.अलग अवसरों पर महिला स्व सहायता समूह और स्थानीय लोगों के द्वारा बनाए जाने वाले उत्पादों की बिक्री होती है।

सिरपुर स्व सहायता समूह की महिलाओं को इस साल करीब 20 क्विंटल की रंगोली बनाने का आर्डर मिला है। ये आर्डर सी.मार्ट से आया है। महिलाओं ने 5 क्विंटल की रंगोली बनाकर तैयार भी कर ली है। वहीं समूह की महिलाएं शेष डिमांड को पूरा करने में लगी हुई हैं।


अन्य पोस्ट