महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 अक्टूबर। सोमवार को बसना पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बसना के टिकरापारा में दो व्यापारियों के घर व दुकान में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने 44 बक्सों में 19 लाख रुपए का पटाखा जब्त कर दोनों को हिरासत में लिया। उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ भी दिया गया। उन्हें पटाखों को गोदाम में रखते वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का मौका दिया गया है।
पुलिस से मिली सूचना के तहत टिकरापारा थाना बसना में व्यापारी भरत बजाज और प्रदीप खूबचंदानी अपने दुकान व मकान में भारी मात्रा में अवैध पटाखा रखे हुए थे। इसकी जानकारी मुखबीरों से मिली। इस पर टीम ने भरत बजाज और प्रदीप खूबचंदानी से पूछताछ कर दुकान और मकान की तलाशी ली। जहां से बक्से मिले। इसमें विभिन्न कंपनी का भारी मात्रा में पटाखा था। दोनों के यहां से करीब 44 कार्टन (बक्सा)जब्त किया गया।
इसके बाद दोनों व्यापारियों से पटाखा बेचने के लाइसेंस के संबंध में पूछताछ की गई। दोनों के पास दस्तावेज नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी टिकरापारा निवासी भरत बजाज 42 के कब्जे से 29 कार्टन कीमत 13 लाख 69 हजार 732 व प्रदीप कुमार खूबचंदानी 29 साल के कब्जे से 15 कार्टून में पटाखा कीमती 5 लाख 37 हजार 130 रुपए जब्त किया।