महासमुन्द

धान खरीदी शुरू होने में मात्र 20 दिन शेष, जिला प्रशासन, समितियां, किसान तैयारियों में जुटे
11-Oct-2022 3:06 PM
धान खरीदी शुरू होने में मात्र 20 दिन शेष, जिला प्रशासन, समितियां, किसान तैयारियों में जुटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 अक्टूबर।
धान खरीदी शुरू होने में अब मात्र 20 दिन ही शेष रह गया है। खरीदी को लेकर प्रशासन सहित समिति स्तर पर तैयारी भी शुरू हो गई है और किसान भी धान बेचने के लिए तैयारियों में जुट गए हैं। हालांकि धान की कटाई अभी शुरू नहीं हुई है। बारिश के कारण किसानों  को परेशानी हो रही है, लेकिन धान बेचने के लिए किसानों ने अपना पंजीयन कराना शुरू कर दिया है। आगामी 30 नवंबर तक पंजीयन का कार्य चलेगा। पंजीयन का कार्य 1 अक्टूबर से शुरू हो गया है। कल सोमवार तक करीब 2826 नए किसानों ने पंजीयन करा लिया है।

इस संबंध में जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी एनएस ठाकुर ने बताया कि पंजीयन का काम शुरू हो गया है। धान बिक्री के लिए समिति स्तर पर भी तैयारियां चल रही है। पिछले साल नए उपार्जन केंद्र बने थे, वहां रास्ता व धान रखने के लिए जगह की मरम्मत कराई जा रही है।

व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और नियमित निरीक्षण के लिए सभी समितियों के प्रबंधकों को निर्देश दे दिया गया है। अब तक 2628 नए किसानों ने पंजीयन कराया है। मालूम हो कि पिछले साल सहकारी समितियों की संख्या में वृद्धि हुई थी। बढ़ी हुई समितियों के लिए नए गोदाम नहीं होने की वजह से अस्थाई व्यवस्था के माध्यम से खरीदी हुई थी, लेकिन इस साल 49 समितियों में नए गोदाम बनाए जा रहे हैं, जहां बारदाना, कम्प्यूटर कक्ष सहित अन्य सामान रखने की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही जिला सहकारी समिति ने 9 पदों के लिए विज्ञापन भी जारी किया है। 9 कर्मचारियों की भर्ती भी होनी है। खरीदी शुरु होने से पूर्व ही कर्मचारी की नियुक्ति हो जाएगी।


अन्य पोस्ट