महासमुन्द
छिंदौली के पास हुए सडक़ हादसे में दो भाईयों की मौत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 अक्टूबर। रविवार की सुबह नेशनल हाईवे क्रमांक-53 में पटेवा थाना क्षेत्र के छिंदौली के पास हुए सडक़ हादसे में दो सगे भाइयों की मौत के बाद व्यापारियों ने शोक-संवेदना व्यक्त करते अपनी दुकानें बंद रखीं। दोनों भाई रायपुर के एक निजी कंपनी में काम करते थे और दशहरा के बाद पूजा कार्यक्रम में हिस्सा लेने घर आए थे। घटना के वक्त दोनों भाई अपनी बाइक में सवार होकर रिश्तेदारों के घर पूजा का निमंत्रण देने जा रहे थे। कल ही मर्ग कायम कर पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया था। अभी तक कार चालक के हिरासत में होने अथवा न होने की अधिकृत जानकारी नहीं मिल पाई है।
पटेवा थाने से मिली जानकारी के मुताबिक पटेवा निवासी रूपेंद्र त्रिपाठी के दोनों बेटे मुकेश त्रिपाठी (25) व गिरजाशंकर त्रिपाठी (21) रायपुर में रहकर निजी कंपनी में काम करते थे। दशहरा की छुट्टी में दोनों भाई घर आए हुए थे। रविवार को घर में पूजा थी। जिसका निमंत्रण ग्राम पचरी निवासी अपने मामा को देने के लिए दोनों सुबह 9.30 बजे ही बाइक से निकले थे। छिंदौली के पास रायपुर की ओर से सरायपाली जा रही काले रंग की कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद चालक मौके से अपनी कार लेकर भाग निकला।
दोनों भाइयों के मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गया। एक ही परिवार के दो बेटों की मौत से समूचा क्षेत्र स्तब्ध था। शोक-संवेदना व्यक्त करते पटेवा के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद ही रखीं। पुलिस के अनुसार इस घटना में कार ने बाइक को इतनी तेजी से टक्कर मारी की दोनों भाई करीब 20 मीटर दूर तक घिसटते गये। इसकी वजह से उनके सिर, सीने और चेहरे में गंभीर चोटें आई। ज्यादा खून बहने की वजह से दोनों भाइयों मुकेश व गिरजाशंकर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मालूम हो कि जिले में लगातार सडक़ दुर्घटनाओं और उनमें मरने वालों की तादात बढ़ रही है। यातायात विभाग के मुताबिक अक्टूबर में रविवार तक 9 मौतें हुई हैं वहीं लगभग 12 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। जिले की पुलिस लगातार यातायात जागरूकता का संदेश दे रही है और वाहनों की गति सीमा और नियमों से अवगत कराने तरह-तरह के आयोजन कर रही है। मगर जागरूकता की कमी से लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। पुलिस का मानना है कि इस मामले में भी यदि दोनों भाईयों ने हेलमेट पहनना होता तो शायद उनकी जान बच सकती थी।