महासमुन्द
खेतों में पानी भरा होने से धान के बीज नहीं उग पाते
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 अक्टूबर। महानदी पर समोदा डायवर्सन बनने के बाद डूबान क्षेत्र बडग़ांव के किसानों के खेतों में फसल नहीं हो पा रही है। जिसकी वजह से लगातार किसानों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। वहीं लगातार मुआवजे की मांग करने के बावजूद शासन प्रशासन उनकी सुध नहीं ले रहा है। कल इसी सिलसिले में पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा ने डुबान क्षेत्र का निरीक्षण किया और किसानों की समस्या समस्याएं सुनीं।
पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी दी है कि शुक्रवार को उन्होंने डूबान क्षेत्र बडग़ांव,बिरकोनी का दौरा किया और किसानों के खेतों में जाकर देखा। वहां पाया गया कि डायवर्सन बनने के बाद पानी बडग़ांव व आसपास के गांव के खेतों में भर रहा है। इसके चलते किसानों को परेशान होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने डायवर्सन बनाने के लिए सरकार द्वारा किसानों की जमीन को क्रय की नोटिस भेजी थी। जिस पर उन्होंने सहमति दे दी लेकिन अब तक न तो सरकार द्वारा किसी प्रकार का मुआवजा दिया गया और न ही कोई उम्मीद दिखाई दे रही। लिहाजा जल भराव के चलते जीवन यापन के लिए कुछ भी बचा नहीं है।
डॉ. चोपड़ा ने इस समस्या पर किसानों से चर्चा के बाद रायपुर जेई से दूरभाष से चर्चा की। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही संबंधित विभाग के मंत्री से मिलकर मुआवजा राशि दिलाई जाएगी।