महासमुन्द

नीट और जेईई की तैयारी कर रहे 32 मेधावी छात्रों को मिले टैबलेट
08-Oct-2022 2:45 PM
नीट और जेईई की तैयारी कर रहे 32 मेधावी छात्रों को मिले टैबलेट

छात्रों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल करने में सहायक होगा- कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 महासमुंद,8 अक्टूबर।
  कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने कल जि़ला पंचायत के सभागार में जिले के कक्षा 11वी  और 12वी में अध्ययनरत 32 मेधावी छात्रों को जो  नीट और जेईई  की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें टैबलेट  सौंपा। विद्यार्थियों को ये टैबलेट नीति आयोग और बायजूस जो देश के आकांक्षी जिलों में शिक्षा गुणवत्ता की दिशा में काम कर रहे हैं, अंतर्गत सौपें गये।

मालूम हो कि जिले के कक्षा 11वीं/12वीं में अध्ययनरत 32 मेधावी छात्रों को नि:शुल्क कोचिंग प्रदान की जा रही है। इन बच्चो का चयन राज्य स्तरीय परीक्षा द्वारा किया गया था।  बायजूस इन सभी बच्चों को अगले 2 वर्षों तक शाला समय के अतिरिक्त समय में कोचिंग देगी।

कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने कहा कि बच्चे टेबलेट के साथ ही तकनीक-सक्षम शिक्षा के साथ सशक्त होंगे और शिक्षा पारिस्थितिकी तंत्र में और सकारात्मक प्रणालीगत बदलाव लाएंगे। यह छात्रों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल करने में और मदद करने में सहायक होगा।

उन्होंने कहा कि देश  के आकांक्षी जिलों में छात्रों को मुफ्त शिक्षा प्रदान करने के लिए नीति आयोग ने बायजूस के साथ भागीदारी की है। यह आकांक्षी जिलों के छात्रों के हित में अच्छी पहल है। छत्तीसगढ़ सरकार लगातार शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में  स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू किए हैं ।  इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जि़ला पंचायत एस.आलोक,जिला शिक्षा अधिकारी एस. चंद्रसेन, जिला नोडल हिमांशु भारती, जिला समन्वयक जगदीश सिन्हा, बायजूस के जिला नोडल आस्था झारिया, अंकित गुप्ता व सम्बन्धित संस्था के शिक्षक एवम पालक उपस्थित रहे ।

बायजूस के विषय विशेषज्ञ के द्वारा प्रत्येक शनिवार, रविवार को डाउट क्लास विकासखण्ड मुख्यालय में होगीं।जिला प्रशासन ने इसके लिए खनिज मद से राशि मुहैया करायी है। इस राशि के सहायता से आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल महासामुंद, पिथोरा और सराइपाली में जि़ला प्रशासन द्वारा स्मार्ट क्लासेस की सुविधा प्रदान की है। टैबलेट वितरण कार्यक्रम के बाद  बायजूस के प्रतिनिधि अंकित गुप्ता ने चयनित विद्यार्थियों कम्प्यूटर प्रजेंटेशन के ज़रिए  नीट और जेईई के तैयारी के संबंध में बच्चों विस्तृत जानकारी दी।
 


अन्य पोस्ट