महासमुन्द

अब तक महासमुंद जिले के 4 लाख 79 हजार लोगों को प्रिकॉशन डोज
02-Oct-2022 3:09 PM
अब तक महासमुंद जिले के 4 लाख 79 हजार लोगों को प्रिकॉशन डोज

महासमुंद, 2 अक्टूबर। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देशभर में 18-59 आयु वर्ग के लोगों को नि:शुल्क कोरोना टीका का बूस्टर डोज 30 सितंबर तक लगाया गया है। इसके तहत महासमुंद जिले के 4 लाख 78 हजार 897 लोगों को प्रिकॉशन डोज लगाया गया है और अब भी 3लाख, 03 हजार 895 लोग प्रिकॉशन डोज के लिए शेष हैं। अब उन्हें नि:शुल्क वैक्सीन नहीं लगेगी। क्योंकि इसके लिए सरकार का पोर्टल लॉक हो चुका है। यदि उन्हें अब प्रिकॉशन डोज लगवाना है तो रायपुर जाना होगा। महासमुंद से रायपुर का बस किराया 70 रुपए है। ऐसे में आने.जाने व रायपुर में सफर करने के लिए प्रति व्यक्ति कम से कम 200 रुपए खर्च करना होगा और 375 रुपए वैक्सीन का अदा करना होगा। जिला प्रशासन के मुताबिक इसकी वजह निजी हॉस्पिटल का प्रिकॉशन डोज के लिए स्वास्थ्य विभाग में आवेदन न करना है।
 


अन्य पोस्ट