महासमुन्द

घास काटने जा रही महिला की करंट से मौत
22-Sep-2022 3:55 PM
घास काटने जा रही महिला की करंट से मौत

खेत में बोर का तार नीचे गिरा हुआ था, जिसे महिला देख नहीं पाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 सितम्बर।
पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम छिबर्रा में एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई है। कहा जा रहा है कि किसान की  लापरवाही के चलते इस महिला की जान गई है। बताया जा रहा है कि महिला अपने खेत की ओर घास काटने के लिए जा रही थी। अन्य किसानों  के खेत को पार कर अपने खेत में जा रही थी, उसी समय एक खेत में बोर का तार नीचे गिरा हुआ था, जिसे महिला देख नहीं पाई और उसकी  चपेट में आई और करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भिजवा दिया है।

पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पिथौरा थाना प्रभारी राकेश खुटेश्वर ने बताया कि सूचना मिली कि ग्राम छिबर्रा  निवासी कुमारी बाई पटेल पिता हेमलाल पटेल (46) बुधवार सुबह अपने खेत में घास काटने के लिए निकली थी। खेत जाते समय उसका पैर खेत में पड़े बोर के तार के संपर्क में आ गया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची टीम ने मर्ग कायम व पंचनामा कर पीएम के लिए शव अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया है। अब इस पर जांच की जाएगी। घटना स्थल का मुआयना करने व कथन के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जानकारी अनुसार खेत में लापरवाहीपूर्वक तार फैला हुआ था। इसका खामियाजा महिला को भुगतना पड़ा। इस मामले में अब पुलिस जांच के बाद आरोपी के खिलाफ  केस दर्ज करेगी।


अन्य पोस्ट