महासमुन्द
पति-पत्नी समेत तीन हिरासत में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 सितम्बर। रुपए डबल करने के लालच में आकर महासमुंद जिले का पान ठेला संचालक 4 महीना पहले 1.30 लाख रुपए गंवा बैठा। उसने पुलिस से शिकायत की तो आरोपी को गिरफ्तार कर पीडि़त को 1.21 लाख रुपए वापस भी दिला दिए। मामला बागबाहरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
मामले का खुलासा करते हुए शनिवार को बागबाहरा एसडीओपी कपिल चंद्रा व थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी ने बताया कि ग्राम मौलीमुड़ा निवासी पवन रात्रे पिता भुवन रात्रे 28 का फुलवारी चौक में पान ठेला का दुकान है। 4 माह पूर्व पवन रात्रे से ग्राम माड खरोरा निवासी सुरेश पारधी, फुलवारी कला निवासी महेन्द्र यादव व खरियाररोड ओडिशा निवासी लता साहू ने पैसा डबल करने के नाम पर ठगी की। पीडि़त ने रुपए वापस मांगे तो उसे डरा धमका कर वहां से भगा दिया। समय बीतने के बाद जब घर वालों ने रुपए के बारे में पूछा तो पीडि़त ने ठगी होने की जानकारी दी। जिसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इस मामले में फुलवारी कला बागबाहरा निवासी महेन्द्र यादव 25 साल को मुखबिर की सूचना पर हिरासत में लिया गया है। साथ ही ग्राम बुडेनी थाना खरोरा जिला रायपुर निवासी सुरेश पारधी 28 साल व महिला आरोपी मुड़ागांव खरियार रोड ओडिशा निवासी लता साहू को कैलाश साहू 38 साल के साथ घर से गिरफ्तार किया गया है।