महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 19 सितंबर। धान की फसल में तरह-तरह की बीमारियों से किसान खासा परेशान हैं। धान की पौधों में इन दिनों बाली आने को है ऐसे समय में धान की लहलहाती फसल शीथ ब्लास्ट, ब्लाइट्स, झुलसा, एवं तना छेदक जैसी बिमारियों ने किसानों के नाक में दम कर रखा है।
किसानों का कहना है कि धान की फसल को इन बिमारियों से बचाना एक बड़ी चुनौती बन गई है। किसानों का कहना है कि महंगा से महंगा दवा का छिडक़ाव करने के बाद भी बिमारियां काबू में नहीं आ रही हैं। किसान धान की फसल अधिक लेने के चक्कर में तरह तरह के खाद एवं पौध वर्धक दवा आदि का उपयोग कर रहे हैं।
मगर फसल को नुकसान पहुंचाने कीट व्याधि के हमले भी तेज हो गए हैं। इन दिनों धान की फसल पर सर्वाधिक शीथ ब्लास्ट की शिकायतें मिल रही हैं। इसमें धान पौधों के पत्ते सड़ कर गलने लगते हैं। शीथ ब्लास्ट की शिकायतें उन खेतों में ज्यादा देखने को मिल रही है जिन क्षेत्रों में धान के पौधे घने एवं हरेभरे हैं। इधर किसान तना छेदक नमक कीट प्रकोप से परेशान हैं।
किसानों ने बताया कि कमोबेश सभी गांव में तनाछेदक बीमारी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। तनाछेदक का कीड़ा मुख्य तने के भीतर घुसकर घर बना लेता है और उसके कोमल भाग को भोजन के रूप में उपयोग करता है। बाद में ऊपरी सिरा सूखकर पैरा में तब्दील हो जाता है। तना छेदक लगे पौधों में बाली आने की गुंजाइश समाप्त हो जाती है। इस बीमारी से धान के उत्पादन पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। इन बीमारियों के रोकथाम के लिए इन दिनों दवा का छिडक़ाव में जुटे हुए हैं। एक किसान ने बताया कि तना छेदक की बिमारी रोपाई वाले खेतों में ज्यादा देखने को मिल रहा है। ग्राम रोहिना के कृषक रूपानंद साहू ने बताया कि इन बीमारियों की रोकथाम के लिए दवा का छिडक़ाव करना पड़ रहा है। एक तो मजदूरों की कमी ऊपर से महंगा दवा के चलते किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बरिहापालीके किसान टिकेश्वर पटेल ने धान के पौधों को दिखाते हुए बताया कि इस तरह धान के पौधों में शीथ ब्लास्ट का प्रकोप हो रहा है। इससे पूरी फसल बर्बाद हो रही है। यदि किसान इन बिमारियों को नियंत्रित नहीं कर पाया तो उनके हाथ में सिर्फ पैरा ही आएगा।
धान की फसल पुर चूहों से खतरा
इधर किसान चूहों के आतंक से भी खासा परेशान हैं। किसानों का कहना है कि धान की खड़ी फसल पर चूहों के हमले तेज हो गए हैं। धान के पौधों को चूहे कुतर कुतर कर काफी नुकसान पहुंचा रहे हैं। चूहों को मारने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। चूहों को लेकर किसान काफी चिंतित हैं। पिछले कुछ सालों से देखा जा रहा है कि खेतों में चूहों की संख्या काफी बढ़ गई है। चूहों के बढऩे का कारण एक यह भी माना जा रहा है कि किसान अपने धान की मिंजाई खेतों में ही करते हैं।