महासमुन्द
अब तो कुम्हार भी गुवालिन के बदले कच्ची मिट्टी से लक्ष्मी जी बनाते हैं
उत्तरा विदानी
महासमुंद, 15 सितम्बर (‘छत्तीसगढ़’ ़ संवाददाता)। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति में आज से बीस बरस पहले लक्ष्मी पूजा की रात हर घर के आंगन स्थित तुलसी चौंरा में कच्ची मिट्टी से बनी गुवालिन जला करती थी। उस रात लक्ष्मीपूजा नहीं बल्कि हर घर में गुवालिन की पूजा होती थी। अब यह परंपरा लगभग खत्म हो चुकी है और उसका स्थान लक्ष्मी पूजा ने ले लिया है। इस तरह गुवालिन के स्थान पर अब कच्ची मिट्टी से बनी लक्ष्मी की मूरत की पूजा जारी है। भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री के बाद वैसे तो मर चुकी या मरणासन्न सारी छत्तीसगढ़ी परंपराएं जीवित हुई हैं। लेकिन अभी तक लोक संवाहक परंपरा गुवालिन मृत अवस्था में है। आज की पीढ़ी नहीं जानती कि गुवालिन क्या है। और तो और कुम्हारों की नई पीढ़ी भी गुवालिन के बारे में जानती नहीं। पढिय़े आधुनिक पीढ़ी और गुवालिन की संस्कृति पर एक रिपोर्ट। क्रमश: 1..
आज से बीस बरस पहले के छत्तसीगढ़ में दीपावली के पहले धन तेरस को आंगन में तेरह दीये जलते थे। दूसरे दिन काली चौदस को गौरा-गौरी की शादी की परंपरा थी और लक्ष्मी पूजा की रात गुवालिन से आंगन में उजियारा होता था। गुवालिन कच्ची मिट्टी की एक गुडिय़ा होती थी जो अपने सिर और दोनों हाथों में दीप लिए रहती थी। इसके पीछे मान्यता थी कि गुवालिनें गांव में समृध्दि लाती हैं। वे श्रीकृष्ण की साथी हैं। गौवंश की भी रक्षा करती हैं। सभी के घर धन धान्य से भरती हैं और रोग-शोक का नाश करती हैं। उनकी वेशभूषा ग्रमीण थी। गांव के लोग इन्हें यादव कुल की अहिरिन भी कहते थे। कहते थे कि ये श्रीकृष्ण की वही सहेलियां हैं जिनके साथ ने रहस नृत्य करते थे। लक्ष्मी पूजा की ही रात इससे दीप जलाने का मतलब था कि दूसरे दिन श्रीकृष्ण जी की गोवर्धन पूजा होगी। गुवालिन को गांव में सौन्दर्य का प्रतीक माना जाता था। जैसे सीता का, जैसे राधा का, जैसे शारदा और नवदुर्गा का अलौकिक सौन्दर्य।
महासमुंद निवासी महिला नागरिक सहकारी बैंक की अध्यक्ष अरुणा शुक्ला कहती हैं कि अब टीवी संस्कृति की वजह से गुवालिनों का स्थान लक्ष्मी की मूरत ने लिया है। यह हमारी पुरानी संस्कृति है कि तुलसी चौंरा में गुवालिन जलाएं। मैं बचपने से गुवालिन जलाती आई हूं। अब बाजार में नहीं दिखतीं। जब आंगन में गुवालिन जलती हैं तब लगता है कि देवारी है, वरना दीपावली मना रहे होते हैं हम सब।
महासमुंद शहर की आंटी शोभा शर्मा कहती हैं-अब कहां देवारी? देवारी से गुवालिन गायब है। शहरों में लोग गोवर्धन पूजा तक को नहीं जानते। जो भी संस्कृति है, वो सब गांव में ही बची है। अब तो गांव में गुवालिन का चलन खत्म हो गया है। इसे दुबारा जिंदा किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री छत्तीसढिय़ा हैं,छत्तीसगढ़ की इस संस्कृति को भी काफी उम्मीद है।
ग्राम डिघारी निवासी रामप्रताप वर्मा, गणेश देशमुख बताते हैं-आश्विन की विजयादशमी को रावण का वध कर 20 दिन बाद श्री राम अयोध्या लौटते हैं तब घर-घर दीप प्रज्वल्वित होते हैं। कुछ समय बाद अपवादों के कारण श्री राम सीता को निर्वासित करते हैं, उसके बाद जब यज्ञ होते हैं, तब श्री राम यज्ञ की पूर्ति हेतु स्वर्ण की सीता बनवाकर यज्ञ संपादित कराते हैं। कहा जाता है कि यही स्वर्ण प्रतिमा अगले श्रीकृष्ण अवतार में राधा बनी। कृष्ण अवतार में राधा से मिलने-बिछुडऩे का दर्द असीमित था, वह कृष्ण की प्रतीक्षा में रोज अनगिनत दीप जलाकर अपनी स्वर्णदेह को गलाकर मिटटी बन गयी। इस तरह राधा ही है जो मिटटी की ग्वालिन के रूप में अपने देह पर दीये जलाकर श्रीकृष्ण की प्रतीक्षा में खड़ी रहती है।
विधायक एवं संसदीीय सचिव विनोद चंद्राकर का कहना है कि इसमें कोई दो मत नहीं कि पहले दीवाली का अपना अलग ही महत्व था। समय के अनुसार बदलाव आते जा रहे हैं परंतु कुछ परम्पराएं आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिल जाती हैं। छत्तीसगढ़ में लक्ष्मी पूजा के दिन को सुरहुती के रूप में मनाया जाता है। उसके बाद गोवर्धन पूजा और फिर मातर मनाया जाता है। इन तीनो दिनों में गौपालक यानी रावत समाज की सबसे बड़ी भूमिका होती है। हर गर के आंगन में गुवालिन का बदला हुआ रूप लक्ष्मी विराजित रहती हैं। यह सच है कि पारंपरिक रूप से ग्वालिन पूजा का महत्व अब कम होते जा रहा है। जिसे आज बचाए रखने की आवश्यकता है। आज लोग सिर्फ परम्परा के नाम पर मिट्टी के कुछ दीये खरीदकर ले आते हैं और अपने पूरे घर को बिजली के लट्टूओं से रोशन करते हैं। मिट्टी का दीया घर के किसी एक कोने में टिमटिमाता जलते रहता है।
(महासमुंद के नगर पुरोहित पंकज तिवारी कहते हैं कि ग्वालिनी अदृश्य रूप में श्री जगदम्बा सीता, श्रीराधा की चैतन्य शक्तियां हैं।
दीपावली पर हर ग्वाला मिटटी की गढ़ी हुई इस ग्वालिनी राधा को लक्ष्मी के स्वरूप में पूजता है। दिन बीते, बरस बीते और युग बीते पर आज भी ये ग्वालिनी राधा विरथ राम की राह को प्रशस्त करने तथा सारथी कृष्ण को आश्वस्त कर महामिलन की साक्षी बनने के लिये बार बार मिटटी में मिलने के लिये माटी से गढ़ी जाती है। )