महासमुन्द
48 लाख की मशीन और तीन लाख रुपए से यूनिट के बिल्डिंग और इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 सितम्बर। मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल के ब्लड बैंक को ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के लिए राज्य से स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए 51 लाख रुपए का बजट भी मिला है, जिसमें से 48 लाख रुपए की मशीन और तीन लाख रुपए से यूनिट के बिल्डिंग और इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। यह सुविधा दो महीने के अंदर मिलने जाएगी। इस यूनिट की शुरुआत के साथ ही अब ब्लड से बनने वाले चार कंपोनेंट तैयार किए जाएंगे, जिससे जिस मरीज को जिस ब्लड कंपोनेंट की जरूरत होगी, वही उसे दिया जाएगा।
जानकारी अनुसार इसी साल राजनांदगांव के शासकीय मेडिकल कॉलेज को भी इसकी स्वीकृति मिली है। कॉलेज की स्थापना के 8 साल बाद स्वीकृति मिलने और महासमुंद मेडिकल कॉलेज में स्टूडेंट्स के प्रवेश से पहले ही इसकी स्वीकृति मिल गई। इससे स्टूडेंट्स के साथ.साथ क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
जिला अस्पताल के डाक्टरों के मुताबिक ब्लड में 4 कंपोनेंट होते हैं। इनमें रेड ब्लड सेल आरबीसी, प्लाज्मा, प्लेटलेट्स और क्रायोप्रेसीपिटेट शामिल हंै। सामान्य रक्त से इसे अलग करने के लिए विशेष मशीन होती है और चारों कंपोनेंट अलग-अलग बीमारियों में उपयोग होता है। जैसे डेंगू, एनेमिक, बर्न केसेस, ब्लीडिंग डिसऑर्डर, रक्त कैंसर जैसी बीमारियों में उपयोग होता है। पैथालॉजी विभाग प्रमुख डा. शशिकला कोसान के मुताबिक इस सुविधा के बाद एक सामान्य रक्त चार लोगों की जरूरतों को पूरा कर सकता है। इससे मरीज को जरूरत के अनुसार रक्त या कंपोनेंट मिलेगा।
बहराहल जिले में अभी तक ब्लड कंपोनेंट की सुविधा नहीं थी। विशेष परिस्थितियों में लोगों को रायपुर जाकर इलाज या फिर कंपोनेंट लाने की आवश्यकता होती है। निजी ब्लड बैंक में इसकी कीमत भी अधिक होती है और महासमुंद से रायपुर तक की यात्रा और इलाज में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जानकारी के मुताबिक ब्लड कंपोनेंट के लिए राज्य से अनुमति लेनी होती है। इसके लिए ब्लड बैंक में सालाना 2500 यूनिट ब्लड डोनेट होना चाहिए। मेडिकल कॉलेज के जिला अस्पताल महासमुंद के अधिग्रहण से पहले यहां सालाना 1100ब्लड ही डोनेट होता था, जिसे 2500के पार किया गया। इसके बाद ही ब्लड कंपोनेंट की अनुमति के लिए आवेदन दिया गया था। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक डा. संतोष सोनकर ने कहा कि इसके लिए अनुमति मिल गई है। कंपोनेंट यूनिट के लिए बिल्डिंग डेवलप करनी है। जिसके बाद इसकी मशीन इंस्टॉल की जाएगी। इसके लिए सभी प्रोसेस किए जा रहे हैं और जल्द ही लोगों को और सुविधाएं देने के लिए हम प्रयासरत हैं।