महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 सितम्बर। कर्नाटक के रहने वाले युवक को कोमाखान क्षेत्र में लूट करते पकड़ा गया। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। लूट का आरोपी किसान को नकली नोट की बात कहकर चकमा दे रहा था। आरोपी वहां से भाग पाता इससे पहले किसान ने उसकी गाड़ी को पकड़ लिया और शोर मचा दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
इस मामले का खुलासा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरीपुंजे, एसडीओपी पिथौरा विनोद मिंज ने किया।
उन्होंने बताया कि किसान से लूट के आरोप में ग्राम बदरुद्दीन कॉलोनी छिदरी रोड वार्ड नंबर 24 बीदर जिला बीदर कर्नाटक निवासी खैबर अली 35 साल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम देवरी निवासी किसान प्रेम लाल निषाद अपने रुपए निकालने के लिए 7 सितंबर को सहकारी बैंक कोमाखान आया था। बैंक से 10 हजार रुपए निकालकर साइकिल से अपने घर ग्राम देवरी वापस जा रहा था। आरोपी खैबर अली कर्नाटक से आकर साल भर पहले ही कोमाखान क्षेत्र में निवासरत है। वह अपनी बाइक से किसान का पीछा करने लगा।
आरोपी ने उसे रोका और कहा कि तुमने बैंक से जो रुपए निकाले हैं वे नकली हैं। यह कहकर उससे बातचीत कर 10 हजार रुपए लूटकर भागने लगा।