महासमुन्द

महासमुंद में सिटी बसों के संचालन से पहले ही यातायात महासंघ का विरोध शुरू
09-Sep-2022 3:13 PM
महासमुंद में सिटी बसों के संचालन से पहले ही यातायात महासंघ का विरोध शुरू

कहा-सिटी बस की मांग जहां है, उस रूट में और निर्धारित किमी तक चलाएं

महासमुंद, 9 सितम्बर। चर्चा है कि कोविड काल के बाद से खड़ी सिटी बसें एक बार फिर से शहर की सडक़ों पर दौड़ेंगी। लेकिन शहर में सिटी बसों केे संचालन से पहले ही यातायात महासंघ का विरोध शुरू हो गया है। संघ नहीं चाहता है कि साल 2015 में जारी रूट के अनुसार सिटी बसों का संचालन हो। वे पूर्व में जारी रूटों का विरोध कर रहे हैं। संघ का कहना है कि वे संचालन का विरोध नहीं कर रहे हैं। लेकिन सिटी बस की मांग जहां है, उस रूट में और निर्धारित किमी तक चलाएं। ताकि निजी बस ऑपरेटरों को इसका नुकसान न उठाना पड़े।

गौरतलब है कि सिटी महासमुंद में सिटी बस संचालन की एक बार फिर कवायद शुरू हो गई है। पूर्व में संचालित बसों को उसी रूट में चलाने की तैयारी में यातायात विभाग जुट गया है। वर्ष 2015 के कलस्टर के अनुसार जारी रूटों में संचालन के लिए तैयारियां चल रही हैं।  शहरों में इन बसों को चलाने के लिए परिवहन विभाग ने हाल ही में टेंडर जारी किया था। जिसका टेंडर दुर्ग के ठेकेदार को मिला है। कयास लगाया जा रहा है कि यहां भी तीन से चार बसें मिलने की संभावना है।

पूर्व में चार बसें मिली थींए जो सात रूटों में दौड़ती थीं। लेकिन भारी विरोध के बाद ठेका बंद करना पड़ा और सभी बसें वापस चली गई हैं। एक बार फिर संचालन की कवायद शुरू हो रही है। वहीं सिटी बसों की मांग जनप्रतिनिधियों तक पहुंच रही है। इसके कारण जनप्रतिनिधि भी सुविधाओं को देखते हुए सिटी बस की मांग कर रहे हैं। इन बसों के टर्मिनल के लिए जिला मुख्यालय से लगे ग्राम खरोरा से बेलसोंडा मार्ग पर पालिका को 6 एकड़ जमीन मिली थी। 2016 में सिटी बस का परिचालन बंद होने के बाद जमीन भी खाली पड़ी थी। इसी क्षेत्र की 100 एकड़ जमीन मेडिकल कॉलेज को आवंटित की गई है। इस जगह में 6 एकड़ भी समाहित हो गई है। जिला परिवहन अधिकारी रामकुमार ध्रुव का कहना है कि यातायात महा संघ वालों ने 16 किमी दूरी तक बसों के संचालन की मांग की है।

संघ के पदाधिकारी राकेश चंद्राकर का कहना है कि सिटी बस संचालन से संघ को किसी प्रकार की कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन शहर के बजाय यदि हाइवे से लगे ग्रामीण इलाकों में बसों का संचालन होता है तो आपत्ति है। इसके संचालन से निजी बस ऑपरेटरों को नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि सिटी बसों का संचालन शहर के अंदर व 16 किमी के दायरे में होता है तो किसी प्रकार की आपत्ति नहीं है।

उन्होंने बताया कि 2015 में दिए गए रूटों में दूरी को कम कर ज्ञापन कलेक्टर व जिला परिवहन अधिकारी को सौंपा गया है। ताकि आने वाले दिनों में बैठकें हो तो इसे उच्चाधिकारियों को बता सकें। उन्होंने बताया कि सभी जिलों में इसका विरोध शुरू हो गया है।

संघ के पदाधिकारी ने बताया कि रूट क्रमांक 1 की बस महासमुंद से झाल खम्हरिया तक, रूट क्रमांक 2 की महासमुंद से ग्राम शेर तक, रूट क्रमांक 3 महासमुंद से कनेकेरा तक, रूट क्रमांक 4 की बस महासमुंद से तुमगांव, रूट क्रमांक 5 महासमुंद से झालखम्हरिया, रूट क्रमांक 6 महासमुंद से तुमगांव व रूट क्रमांक 7 की महासमुंद से नदी मोड़ तक चले।
यदि इन निर्धारित तय रूटों में बसों का संचालन होता है तो संघ को कोई आपत्ति नहीं है।
 


अन्य पोस्ट