महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 सितम्बर। ओडिशा से महासमुंद के रास्ते नेशनल हाईवे 353 एवं 53 पर रेहटीखोल के पास चेकिंग के दौरान स्विफ्ट डिजायर कार में अवैध गांजा परिवहन करते तीन लोग गिरफ्तार हुए हैं। मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरगढ़ ओडिशा से एक ग्रे रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में गांजा का अवैध परिवहन किया जाने वाला है। मुखबिर की निशानदेही पर सायबर सेल की टीम एवं थाना सिंघोड़ा की टीम राजमार्ग 53 रेहटीखोल के पास चेकिंग कर रही थी तभी एक स्विफ्ट डिजायर कार महासमुंद की ओर आते दिखाई दी। जिले पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर रोका। वाहन में तीन व्यक्ति सवार थे। नाम पता पूछने पर उन्होंने अपना नाम प्रदीप रघुवंशी उम्र 28 वर्ष साकिन नगऊखेड़ी जिला अशोक नगर, विजयपाल यादव उम्र 21 वर्ष साकिन न्यू बस स्टैंड अशोकनगर तथा रामहेत धाकड़ उम्र 52 वर्ष साकिन शिवपुरी नवाब सहाब रोड, शिवपुरी बताया।
उक्त वाहन की जब तलाशी ली गई तो कार के पीछे वाली डिक्की में 15 पैकेट टेप से शील बंद किये हुये गांजा बरामद हुआ। तीनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई तो वे कोई जानकारी नहीं दे पाए। पुलिस की टीम ने सभी पैकेटों को खोल कर देखा तो उसमें मादक पदार्थ गांजा भरा हुआ मिला। बरामद 15 किलो ग्राम गांजा की कीमत 3 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी के उपयोग में लाए गए कार को भी आरोपियों के विरुधद् धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत् थाना सिंघोडा में कार्रवाई की गई है।