महासमुन्द
नपाध्यक्ष ने दी अस्थाई दुकान लगाकर व्यवसाय कर रहे लोगों को समझाईश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 सितम्बर। नगर पालिका परिषद ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था और सुरक्षा अभियान के तहत नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग के नेतृत्व में पार्षदों, ट्रैफिक एवं थाना पुलिस टीम के साथ राष्ट्रीय राज मार्ग 353 में दुकान व स्ट्रीट फूड सेंटर लगाने वालों को दुकान के सामने डस्टबीन रखने की हिदायत दी। इस दौरान फुटपाथ पर अतिक्रमण कर लगाए गए तीन ठेलों को जब्त किया गया। बुधवार को राष्ट्रीय राज मार्ग 353, कॉलेज रोड बरोंडा चौक, बागबाहरा रोड, तहसीलदार कार्यालय में स्थाई अस्थाई रूप से दुकान लगाकर व्यवसाय कर रहे लोगों को सडक़ पर किसी प्रकार का बैनर नहीं लगाने की समझाइश दी गई।
इस दौरान नपाध्यक्ष ने नागरिकों से अपील की कि दुकान के सामने डस्टबीन रखें व ग्राहकों को भी जागरूक करें। भ्रमण के दौरान फुटपाथ पर ऐसे भी ठेले नजर आए जो व्यवसाय के लिए नहीं बल्कि सिर्फ अतिक्रमण के उद्देश्य से रखे गए थे। नपाध्यक्ष ने तत्काल ऐसे ठेले को जब्त करने के निर्देश दिए। पालिका अध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने अस्थाई रूप से नेशनल हाईवे के दोनों ओर लगाए गए पेवरब्लॉक में गड्ढे खोद कर सीमा से बाहर अतिरिक्त बांस बल्ली से बनाए शेड देखकर नाराजगी जताते हुए कहा कि समझाइश के बावजूद भी इन्हें हटाया नहीं गया है तो ऐसे दुकानदारों पर जुर्माना लगाएं।
नपाध्यक्ष ने सडक़ पर वाहनों की पार्किंग को लेकर व्यापारियों से आग्रह किया कि ट्रैफिक व्यवस्था बनाने में सहयोग करें। इस अवसर पर पार्षद व सभापति पवन पटेल, निखिलकांत साहू, महेन्द्र जैन, हफ ीज कुरैशी, मंगेश टांकसाले, शोभना यादव, सीएमओ आशीष तिवारी, स्वच्छता प्रभारी दिलीप चंद्राकर व पालिका कर्मचारी सहित ट्रैफिक व पुलिस प्रशासन मौजूद रहा।