महासमुन्द

9 को खिलाया जाएगा जिले के 4 लाख 19 हजार 387 बच्चों को कृमिनाशक दवा
07-Sep-2022 4:00 PM
9  को खिलाया जाएगा जिले के 4 लाख 19 हजार 387 बच्चों को कृमिनाशक दवा

महासमुंद, 7 सितम्बर। जिले में शुक्रवार 9 सितंबर से बच्चों को कृमि से बचाने कृमि मुक्ति अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत इस बार जिले में 4 लाख 19 हजार 387 बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल देने का लक्ष्य रखा गया है। यह दवा वर्ष में 2 बार खिलाई जाती है। मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय विद्यालयों, शासकीय अनुदान प्राप्त शालाओं, केन्द्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों, मदरसों, निजी स्कूलों, अनुदान प्राप्त निजी स्कूलों, महाविद्यालयों, तकनीकी शिक्षा संस्थानों के माध्यम से एक से 19 साल तक के बच्चों, किशोर व किशोरियों को कृमिनाशक दवा की गोली दी जाएगी। साथ ही छूटे हुए बच्चों के लिए मॉप.अप दिवस 14 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। जिला टीकाकरण अधिकारी डा. अरविन्द गुप्ता ने बताया कि एक से दो वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों को आधी गोली चम्मच से पानी में चूरा कर तथा दो से 19 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों को एक पूरी गोली चबाकर पानी के साथ दी जाएगी।

एलबेंडाजोल की गोली बच्चों और बड़ों के लिए सुरक्षित है। कुछ बच्चों के शरीर में कृमि के कारण कुछ मामूली प्रभाव जैसे जी मिचलाना, उल्टी, दस्त, पेट में हल्का दर्द और थकान अनुभव होने की संभावना हो सकती है। इसलिए संबंधित कर्मचारियों को अपने समक्ष ही बच्चों को कृमिनाशक गोली बच्चों को खिलाने के निर्देश दिए गए हैं।

कल मंगलवार को समय-सीमा की बैठक के दौरान जिला समन्वय समिति की बैठक हुई, जिसमें कलेक्टर ने इस अभियान को सफल बनाने अन्य विभागों को समन्वय से काम करने को कहा। इसमें स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग सहित अन्य विभाग शामिल है।
 


अन्य पोस्ट