महासमुन्द
नवकिरण अकादमी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बच्चों से मुलाकात की
‘छत्तीसगढ़’ संवादाता
महासमुंद, 6सितंबर। रायपुर संभाग के कमिश्नर यशवंत कुमार कल महासमुंद के ग्राम बिरकोनी एवं बागबाहरा के एमके बाहरा के गौठानों का आकस्मिक भ्रमण कर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में स्थित नवकिरण अकादमी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों द्वारा करायी जा रही प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारियों को ढंग से पढ़ें और अपना भविष्य उज्ज्वल बनाएं। उन्होंने बागबाहरा के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से मुलाकात की। कमिश्नर यशवंत कुमार ने जिले में राज्य शासन द्वारा संचालित फ्लैगशिप योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन करने पर प्रशंसा की। इस अवसर पर कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस आलोक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कमिश्नर यशवंत कुमार ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान की दीदियों द्वारा बनाये गए उत्पादों का भी अवलोकन किया। उन्होंने गौठानों के निरीक्षण के दौरान गौठान में उपस्थित समूह की दीदियों और स्वयं.सेवी संगठनों के साथ जिले में महिलाओं को सशक्त और उद्यमी बनाने के संबंध में चर्चा की। उन्होंने गौठान में संचालित गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। स्व.सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर मुर्गी, बकरी, मछली पालन, मशरूम उत्पादन करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इसकी मांग बाजार में अधिक होता है। महिलाओं ने बताया कि गौठानों में वर्मी कम्पोस्ट बनाया जा रहा है तथा इसका पैकिंग कर बिक्री भी कर रहें हैं। समूह की महिलाओं द्वारा कपड़े में गोदना आर्ट, बांसशिल्प, अगरबत्ती, अचार, बड़ी, पापड़, साबुन, निरमा, करी लड्डू, महुआ लड्डू सहित अन्य आजीविका से संबंधित गतिविधियां कर रहे हैं।

