महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 सितम्बर। छत्तीसगढ़ लोक निर्माण गृह व जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू कल गुरुवार को महासमुंद प्रवास पर थे। इस दौरान उन्होंने जिला पंचायत सभागार में विभागीय अधिकारियों के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और विभागीय कामकाज की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि फ्लैगशिप योजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित करने विभागीय अधिकारी जिम्मेदारी के साथ काम करें। समय-समय पर इनकी मॉनिटरिंग भी करें। अधिकारी इस तरह कार्य करें कि शासन के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो। अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि समाज के हर वर्ग के गरीब, मजदूर और जरूरतमंदों की सुनवाई हो और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मिले।
कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं के तहत चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी। इसमें गोधन न्याय योजना, स्वास्थ्य लोक निर्माण व आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल सहित अन्य विभाग के अब तक कार्यों का विस्तार से ब्योरा दिया। बैठक में संसदीय सचिव व महासमुंद विधायक विनोद चंद्राकर, खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, बसना विधायक राजा देवेन्द्र बहादुुर सिंह और सरायपाली विधायक किस्मत लाल नंद, जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा पटेल के साथ एसपी, जिला पंचायत सीईओ के साथ विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने विभागीय समीक्षा बैठक में कहा कि जिले के गोठानों को बहु उपयोगी और बहुउद्देश्यीय कार्यस्थल के रूप में विकसित किया जाए। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। फसल चक्र परिवर्तन के लिए भी किसानों को इस दिशा में जागरूक कर कार्य योजना बनाएं। जिले में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त पुल-पुलिया और सडक़ों की मरम्मत का काम प्राथमिकता के साथ करें। सडक़ों के नवीनीकरण और डामरीकरण और चौड़ीकारण कार्य के लिए भी प्रस्ताव दें।
गृह मंत्री ने कहा कि अधिकारी राजीव युवा मितान क्लब पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी ज््यादा ध्यान देने की आशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से राजीव युवा मितान क्लब के माध्यम से युवाओं को राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए संगठित किया जा रहा है। साथ ही युवाओं में नेतृत्व विकास स्वावलंबन, शिक्षा और सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्हें शासन की योजनाओं की भी जानकारी दी जाए।