महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवादाता
महासमुंद,2 सितम्बर। जिले में इस साल अच्छी बारिश हुई है और जलाशयों की स्थिति भी अच्छी है। कोडार जलाशय पिछले वर्ष की अपेक्षा इस साल 30 फीसदी अधिक भरा है। कोडार में 82 प्रतिशत पानी है। पिछले चार दिनों से किसानों की मांग पर कोडार से पानी छोड़ा गया है। किसानों को पानी दोनों केनाल से मिल रहा है। इससे करीब 3 सौ से भी अधिक क्यूसेक पानी रोजा छोड़ा जा रहा है। पानी की मांग कर रहे किसानों ने राहत की सांस ली है। खासकर उन किसानों की चिंता खत्म हुई है जो बारिश के भरोसे खेती करते हैं जो मौसम में आए बदलाव और क्षेत्र में हो रही खंड वर्षा के बाद पानी नहीं होने से फसल को लेकर परेशान हैं।
मालूम हो कि कोडार जलाशय से करीब 49 गांवों के किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पानी दिया जाता है। जल संसाधन विभाग के अफसरों ने बताया कि कोडार जलाशय से किसानों की मांग पर पिछले चार दिनों से पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें आरबीसी केनाल से 125 क्यूसेक और एलबीसी केनाल से 240 क्यूसेक पानी प्रतिदिन छोड़ा जाना शामिल है। विभाग ने बताया कि वर्तमान में कोडार जलाशय में कुल 28 फीट पानी है।