महासमुन्द
वर्ष 2022-23 का लक्ष्य अब तक मिला नहीं- क्रेडा अधिकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 अगस्त। सौर सुजला योजना के तहत महासमुंद जिले के 359 किसानों ने एक साल पहले से सोलर पंप के लिए आवेदन किया है, लेकिन उन्हें अभी तक उक्त योजना का लाभ नहीं मिला है। जिले का क्रेडा विभाग लक्ष्य आने का इंतजार कर रहा है। विभाग का कहना है कि लक्ष्य नहीं आने से नए किसानों से भी अब तक आवेदन नहीं लिए गए हैं। पिछले वर्ष लगभग 180 गोठानों में ही सोलर पंप लगाए गए थे औैर अब भी लगभग 12 गोठानों के आवदेन भी पेडिंग हैं। वर्ष 2021-22 में सिर्फ गोठान और चारागाहों में ही सोलर पंप लगाए गए। किसी भी किसान को पंप कनेक्शन नहीं मिला था।
जिले का क्रेडा विभाग किसानों को पंप कनेक्शन का लाभ मिलेगा या नहीं, यह नहीं बता पा रहा है। विभाग सिर्फ यही कहता है कि सौर सुजला योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों की आय दोगुनी करना है, सिंचाई क्षमता में वृद्धि करना है और बिजली की बचत करना है। लेकिन वर्तमान में स्थिति यह है कि किसान विभाग के चक्कर काट रहे हैं और विभाग टारगेट मिलने के बाद ही आवेदन लेने की बात कह रहा है।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सौर सुजला योजना के तहत प्रतिवर्ष पंप कनेक्शन के टारगेट कम हो रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों से देखने में आ रहा है कि शासन की प्राथमिकता गोठान व चारागाह हैं। वर्ष 2021-22 में 200 सोलर पंप कनेक्शन लगाने का टारगेट मिला था, जिसमें से 180 का कार्य भी पूरा हो चुका है। नए वित्तीय वर्ष में भी विभाग की प्राथमिकता गोठानों में ही पंप कनेक्शन देना है। क्रेड़ा अधिकारी एनके गायकवाड़ ने बताया कि 2022.23 का टारगेट अब तक मिला नहीं है। किसानों को इस वर्ष मिलेगा या नहीं यह टारगेट आने के बाद भी ज्ञात हो पाएगा। पिछले वर्ष के लगभग 359 आवेदन लंबित है। टारगेट मिलने पर किसानों को सोलर पंप कनेक्शन दिया जाएगा।
अधिकारी एनके गायकवाड़ का कहना है कि ज्यादातर सोलर पंप दूरदराज के इलाकों में लगाए जाते हैं, जहां बिजली व अन्य संसाधन पहुंचना कठिन है। सौर सुजला योजना के तहत किसानों को रियायती दर पर 3 एचपी व 5 एचपी क्षमता वाले पंप कनेक्शन प्रदान किए जाते हैं। पिछले सात वर्षों में 4149 किसानों को सौर सुजला योजना का लाभ मिला है। वर्ष 2016-17 में 958, 2017-18 में 1179, 2018-19 में 600 और 2020-21 में 799 किसानों को लाभ मिला।
वर्ष 2021-22 में सिर्फ गोठान और चारागाहों में ही सोलर पंप लगाए गए। किसी भी किसान को पंप कनेक्शन नहीं मिला था।