महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 अगस्त। दो सूत्रीय मांगों को लेकर 23 दिन के अंतराल में शुरू कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की बेमुद्दत हड़ताल के कारण आमजन के आय, जाति प्रमाणपत्र सहित नामांतरण, किसानी के लिए बी.फार्म और न्यायालय के काम रुक गए हैं। अपनी जरूरत के लिए सरकारी दफ्तरों और न्यायालय पहुंचने वालों के हाथों निराशा ही लग रही है। हड़ताल के चलते सभी सरकारी काम बंद हैं। शासन-प्रशासन की ओर से ठोस पहल न होने के कारण हड़ताल के लंबा चलने के आसार हैं। अभी हालात यह है कि जिले के तमाम सरकारी दफ्तरों में कहीं ताला लटक रहा है तो कहीं अधिकारियों के चैम्बर बंद है। कई दफ्तरों में दैनिक वेतनभोगी व परीविक्षावधि वाले कर्मचारी हैं। लेकिन नियमित कर्मचारी व अधिकारी के बिना यहां का काम भी प्रभावित हो रहा है।
कल मंगलवार को कलेक्टोरेट परिसर में भी सन्नाटा पसरा रहा। अनिश्चितकालीन हड़ताल की जानकारी होने के कारण मंगलवार को जनदर्शन में फरियादी नहीं पहुंचे। लेकिन राजस्व दफ्तरों में काम के लिए हर दिन ग्रामीण पहुंच रहे हैं। कल स्थानीय लोहिया चौक सहित पूरे ब्लॉक मुख्यालयों में कर्मचारी-अधिकारी दूसरे दिन भी धरने पर डटे रहे। छग सहायक शिक्षक फेडरेशन के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष सिराज बख्स, जिला अध्यक्ष ईश्वर चंद्राकर, प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के जिलाध्यक्ष चमन चंद्राकर आदि ने बताया कि शत प्रतिशत शिक्षकों की हड़ताल में होने के कारण स्कूली व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने बताया कि कुछ संगठनों द्वारा भ्रामक प्रचार कर शिक्षकों के हड़ताल में नहीं होने की जानकारी दे रहे हैं। सहायक शिक्षकों के हड़ताल में होने के कारण सभी प्राथमिक विद्यालय बंद हैं वहीं मिडिल एवं हाई स्कूलों में भी तालाबंदी की स्थिति है।
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन आंदोलन के दूसरे दिन फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा, प्रांतीय प्रवक्ता बीपी शर्मा, प्रांतीय कोषाध्यक्ष सतीश मिश्रा, धरना स्थल लोहिया चौक पहुंचे। इस अवसर पर फेडरेशन संयोजक श्रीमती एस.चंद्रसेन एवं सह संयोजक टेकराम सेन के नेतृत्व में प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा एवं प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया गया। कर्मचारी अधिकारियों को संबोधित करते हुये प्रांतीय संयोजक ने कहा कि महंगाई भत्ता एवं गृह भाड़ा भत्ता जैसे जायज मांगों को लेकर प्रदेश के 4 लाख से ज्यादा कर्मचारी अधिकारी आंदोलनरत है जो दुर्भाग्यजनक स्थिति है। प्रदेश के इतिहास में पहली बार महंगाई भत्ता को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। जबकि प्रत्येक छह माह में केन्द्र के द्वारा महंगाई भत्ता बढ़ाने के साथ ही राज्य को स्वमेव बढ़ा देना चाहिये। उन्होंने कहा कि गृहभाड़ा भत्ता वर्षों से लंबित है जिसे शीघ्र दिया जाना चाहिये।
प्रांतीय प्रवक्ता बीपी शर्मा एवं प्रांतीय कोषाध्यक्ष सतीश मिश्रा ने कहा कर्मचारियों की अनदेखी किया जाना चिंतनीय है। प्रांतीय संयोजक का अभिनंदन करते हुये श्रीमती एस चंद्रसेन ने कहा कि महासमुंद का कर्मचारी अधिकारी उक्त मांगों को लेकर आक्रोशित हैं और लगातार संघर्ष करने को तैयार है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से अशोक गिरि गोस्वामी, अरुण प्रधान, रेखराज शर्मा, ईश्वर चंद्राकर, शिव साहू, दीपक तिवारी, उमेश भारती गोस्वामी, तिलक चन्द्राकर, ताहर सिंह ठाकुर, सरिता तिवारी, मुनिया निर्मलकर, ओमनारायण शर्मा, प्रकाश गिरि गोस्वामी सभी ने कहा कि सरकार हमारी जायज मांगों को अविलंब पूर्ण करें अन्यथा आंदोलन और भी उग्र होगा।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रमोद तिवारी, हिमांशु भारतीय, अशोक शर्मा, रिखीराम साहू, कमलेश ध्रुव, डा. रामकुमार चंद्राकर, एसपी ध्रुव, डा. चिन्ताराम साहू, मीना पाणिग्राही, एनके सिन्हा, राजेश डड़सेना, केके चंद्राकर, कृपाराम सागर, चमन चंद्राकर, ओमनारायण शर्मा, कमल नारायण यादव, दौलत ठाकुर, राकेश थवाईत, राजीव लोचन जोल्हे, सुरेन्द्र प्रसाद तिवारी, मनीष श्रीवास्तव, शैलेन्द्र सोनी, राजकुमार साहू, बीपी मेश्राम, अविनाश लाल, प्रवीण रात्रे, दिलीप तिवारी, चंद्रिका प्रसाद चंद्राकर, प्रमोद कन्नौजे, चंद्रभान साहू, भीम साहू, राजू चंद्राकर, मुरली अगासे, मधु शर्मा, विजय लक्ष्मी चंद्राकर, उमेश साहू सहित सभी संगठनों के पदाधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित थे। आंदोलन को न्यायालयीन, कोषालयीन, नगर पालिका, राजस्व सहित 51 संगठनों का जिले में विशेष समर्थन मिल रहा है।