महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 अगस्त। महासमुंद शहर की वर्षों पुरानी मांग बाइपास निर्माण को परिवहन मंत्रालय ने स्वीकृति दे दी है। इसके लिए विभाग की ओर से डीपीआर के लिए प्रकिया शुरू की जाएगी। बाइपास निर्माण से जहां एक ओर शहर में यातायात का दबाव कम होगा वहीं सडक़ दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। शहर से होकर गुजरे एनएच 353 में लंबे समय से बाइपास निर्माण की मांग की जा रही थी।
मालूम हो कि इसके लिए कई बार प्रस्ताव भी तैयार कर परिवहन मंत्रालय को भेजा गया। लेकिन इसकी स्वीकृति नहीं मिली पाई थी। हालांकि पूर्व में परिवहन मंत्रालय ने इसमें होने वाले खर्च और जमीन अधिग्रहण सहित अन्य चीजों की जानकारी तैयार कर रिपोर्ट मंगाई थी। जिसके लिए सर्वे भी हुआ था लेकिन बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
महासमुंद सांसद चुन्नीलाल साहू ने सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से तथा विधायक व संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने भी इसके लिए परिवहन मंत्री गडकरी के नाम से पत्र लिखा था जिस पर मंत्री ने संज्ञान लेते हुए स्वीकृति प्रदान की है। कहा जा रहा है कि रेलवे क्रासिंग मार्ग पर जाम से मिलेगी मुक्ति शहर के अंदर भारी वाहनों के आवागमन से सर्वाधिक परेशानी विद्यार्थियों को होती है। इस तरह वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी। इसके बनने के बाद बेलसोंडा क्रासिंग पर वाहनों का दबाव कम होगा।
अभी तो स्कूल लगने व छूटने के समय यातायात का दबाव शहर से होकर गुजरे एनएच 353 में रहता है। जिससे आएदिन दुर्घटनाएं होती रहती है। पखवाड़े भर पूर्व एक एक छात्रा मालवाहक के हादसे का शिकार हो गई थी। शहर में बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने सुबह और शाम दो समय नो एंट्री का सिस्टम लागू किया था जो कोविड के बाद से बंद है। देर शाम के बाद मुख्य मार्ग पर यातायात का सबसे अधिक दबाव रहता है।