महासमुन्द

कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
22-Aug-2022 7:12 PM
कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

22 से अधिक संगठनों का समर्थन, फिर भटकेंगे सरकारी दफ्तरों में काम कराने पहुंचे आमजन 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 अगस्त।
महासमुंद महंगाई भत्ता व मकान भाा भत्ता की मांग को लेकर प्रांतीय फेडरेशन के आह्वान पर आज सोमवार से प्रशासन के 22 से अधिक संगठनों के कर्मचारी व अधिकारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। बीते 43 सालों में सबसे बड़े आंदोलन को पहली बार जिला सत्र न्यायालय के कर्मचारियों ने भी समर्थन दिया है। इस हड़ताल से न्यायालय में बंदी पेशी व सुनवाई का कार्य ठप रहेगा। इसके अलावा प्रशासनिक दफ्तरों के काम सहित बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होगी। 

कल रविवार देर शाम तक इस अनिश्चितकालीन हड़ताल को रोकने के लिए शासन की ओर से किसी प्रकार की पहल नहीं की गई थी। इसके चलते संगठनों ने आज सोमवार से हड़ताल में जाने का निर्णय लिया। फेडरेशन की 2 सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले महीने 25 से 29 जुलाई तक हुई 5 दिनी हड़ताल से आमजन के साथ ही विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 23 व 24 जुलाई एवं 30 व 1 जुलाई को अवकाश होने के कारण पूरे 9 दिनों तक लोगों को अपने काम कराने के लिए इंतजार करना पड़ा था।

हड़तालियों के मुताबिक उन्हें लगभग 6 साल पहले सातवां वेतनमान लागू हुआ। भत्ता छठवें का ही 34 प्रतिशत डी, व सातवें वेतनमान के अनुसार गृहभाड़ा एवं एरियर्स की राशि की मांग की जा रही है। इसी मांग को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। फेडरेशन की मानें तो कर्मचारियों का एरियर्स राशि ही करोड़ों में राज्य सरकार के खजाने में जमा है। इसी प्रकार आज भी छठें वेतनमान के अनुरूप गृहभाड़ा भत्ता दिया जा रहा है। जबकि सातवें वेतनमान लागू हुए 6 वर्ष हो चुका है। लिहाजा दोनों मांगों को लेकर प्रदेशभर के कर्मचारी आंदोलन की राह पर है।

तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ, राज्य कर्मचारी संघ, छग शिक्षक संघ, राजपत्रित अधिकारी संघ, अजाक्स, न्यायालयीन कर्मचारी संघ, अन्य पिछड़ा वर्ग अधिकारी कर्मचारी संघ, शिक्षक फेडरेशन, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी संघ, वन कर्मचारी संघ, स्वास्थ्य एवं बहु कर्मचारी संघ, राजस्व निरीक्षक संघ, छग राज्य न्यायिक कर्मचारी संघ, राजस्व पटवारी संघ, व्याख्याता संघ, स्वास्थ्य संयोजक संघ, लघुवेतन कर्मचारी संघ, वन लिपिक, अगासे, छग डिप्लोमा इंजी. छग प्रदेश लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ, कृषि विस्तार अधिकारी, औद्योगिक प्रशिक्षण, शारीरिक शिक्षा पंचायत एवं करारोपण, ग्राम पंचायत सचिव संघ, कनिष्ठ सेवा अधिकारी संघ शामिल हैं।

फेडरेशन के जिला संयोजक एस चंद्रसेन एवं सह संयोजक टेकराम सेन ने बताया कि केंद्र के समान महंगाई भत्ता नहीं मिलने से  कर्मचारी अधिकारी आक्रोशित है। वे सरकार से लगातार डीए व मकान भाड़ा भत्ते में बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। सरकार ने मात्र 6 प्रतिशत ही बढ़ाया है। जबकि फेडरेशन 34 प्रतिशत की मांग कर रहा है। वर्तमान में सरकार 28 प्रतिशत दे रही है। जिससे कर्मचारियों को लाखों रुपए का नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि यह आंदोलन का चौथा चरण है। अब कर्मचारी सडक़ में उतरने मजबूर हैं। एक तरफ  केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ता 34 से बढ़ाकर 38 प्रतिशत कर दिया है। मालूम हो कि पिछले महीने 5 दिनों की हड़ताल में बच्चों की पढ़ाई पिछड़ गई है। एक महीने बाद अर्धवार्षिक परीक्षा होनी है, लेकिन छात्रों के कोर्स अधूरे हैं। ऐसे में एक बार फिर कर्मचारियों व शिक्षकों की हड़ताल होने पर बच्चों की पढ़ाई का ज्यादा नुकसान होगा।
 


अन्य पोस्ट