महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 अगस्त। पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से ओडिशा के धनेश्वर साहू पिछले 12 सालों से साइकिल
यात्रा करते आ रहे हैं। वे साइकिल यात्रा में गत दिवस सरायपाली पहुंचे। इससे पहले भी वे अभियान के तहत सरायपाली आ चुके हैं।
उन्होंने अपनी साइकिल में पर्यावरण संरक्षण के संबंध में स्लोगन भी लिख रखा है। वे जहां भी रुकते हैं, लोगों को खासकर युवाओं को पौधे लगाने और उनकी रक्षा करने के लिए प्रेरित करते हैं। वे बाजार, गांव और कस्बों में पर्यावरण संरक्षण के लिए जरूरी पहल करने के लिए लोगों को लगातार जागरूक करते हैं।
बरगढ़ जिले के रहने वाले धनेश्वर साहू ने जैसा छत्तीसगढ़ को बताया-कुछ वर्षों पूर्व ओडिशा में आने वाले समुद्री तूफान, गुजरात के भूकंप आंध्र प्रदेश के चक्रवात और बिहार में आने वाले बाढ़ से होने वाले विनाश को देखकर मन बहुत अधिक विचलित हो गया। इसके बाद देशवासियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया और अपने इस अभियान में निकल पड़ा। इसके पहले भी मैं छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश होते हुए दिल्ली तक की यात्रा कर चुका हूं। इस दौरान मैंने हजारों पेड़ लगाए और लाखों लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया है। अब मैं फिर से छत्तीसगढ़ और ओडिशा के विभिन्न स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को पर्यावरण की सुरक्षा करने और पेड़ लगाने के लिए जागरूक करता हूं।