महासमुन्द

बच्चों-ग्रामीणों की मांग के आगे झुका प्रशासन
21-Aug-2022 10:03 PM
बच्चों-ग्रामीणों की मांग के  आगे झुका प्रशासन

तत्काल सडक़ मरम्मत कराई 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 21 अगस्त
। जिले के ग्राम भतकुंदा-कोलताडीपा के ग्रामीण व छात्र सडक़ मरम्मत व पेयजल की मांग को अनसुना होते देख आक्रोशित हो उठे और शुक्रवार को ग्रामभतकुंदा के पास सांकरा से झगरेनडीह मार्ग को जाम कर दिया। सडक़ मरम्मत होने और अधिकारियों की समझाईश के बाद माने और चक्काजाम समाप्त किया।

ग्रामीणों व स्कूली बच्चों के चक्काजाम की खबर मिलते ही प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार देवेन्द्र नेताम, पुलिस विभाग से एसडीओपी विनोद मिंज मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाईश दी। ग्रामीण मांग पर अड़े रहे। स्थिति को भांपते हुए उपस्थित अधिकारियों ने तत्काल सडक़ सुधारने के लिए गिट्टी और मुरुम डलवाकर दलदल मार्ग की मरम्मत कराई। वहीं स्थायी सडक़ निर्माण के लिए स्टीमेट बनाकर शासन को भेजा गया साथ ही पेयजल की भी किल्लत दूर करने का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि ग्राम भतकुंदा का कोलताडीपा एक मोहल्ला है। भतकुंदा से यह मोहल्ला करीब एक से डेढ़ किमी दूर है। इस मोहल्ले के बच्चे भतकुंदा पढ़ाई करने जाते हैं। वहीं ग्रामीण इसी मार्ग से भतकुंदा व सांकरा आना जाना करते हैं। यह मार्ग बरसात के दिनों में इतना दलदल हो गया है कि आवागमन करने में बच्चों व ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा मोहल्ले में पेयजल की भी किल्लत बनी हुई है। इन दोनों मांगों को लेकर कई बार प्रशासन से फरियाद की,लेकिन सुनवाई नहीं हुई थी।
 


अन्य पोस्ट