महासमुन्द

प्रेसिंडेंट इन कौंसिल में उपाध्यक्ष का नाम नहीं:
21-Aug-2022 4:08 PM
प्रेसिंडेंट इन कौंसिल में उपाध्यक्ष का नाम नहीं:

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 

महासमुंद, 21 अगस्त। कौंसिल गठन होते ही महासमुंद नगरपालिका में एक बार फिर नये विवाद ने जन्म लिया है। नियमत: अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को मिलाकर प्रेसिडेंट इन कौसिंल में कुल आठ सदस्य होना है। सात नए सदस्यों को मौका देने से अब इनकी संख्या नौ हो गई है। इसमें वार्ड तीन के पार्षद व उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार चंद्राकर का नाम न होने से पेंच फंस गया है। इस संबंध में अब पालिकाध्यक्ष व अधिकारी शासन से मार्गदर्शन ले रहे हैं।कहा जा रहा है कि आगामी दिनों में इस पर निर्णय लिया जाएगा। यदि संख्या आठ से आगे नहीं बढ़ती तो पालिकाध्यक्ष को सात नए सभापतियों में  से एक को हटाना होगा। फिलहाल इस पर पार्टी संगठन में विचार जारी है।


मालूम हो कि नव निर्वाचित नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने 16 अगस्त को नगर पालिका के कामकाज संचालन के लिए प्रेसिडेंट इन काउंसिल का गठन कर नगर पालिका के सात विभागों के लिए पांच-पांच पार्षदों के समूहों का सलाहकार समिति के सदस्य नियुक्त किया है। श्रीमती  महिलांग ने प्रभारी सदस्यों को विभाग आवंटित कर प्रभारी सदस्य नियुक्त किया जिसमें वार्ड नंबर 12 के पार्षद डमरूधर मांझी को विधि तथा समान्य  प्रशासन विभाग का सभापति, वार्ड 29 के पार्षद निखिलकांत साहू को आवास पर्यावरण एवं लोक निर्माण विभाग, वार्ड 24 के पार्षद व पूर्व  पालिकाध्यक्ष पवन पटेल जल कार्य विभाग का सभापति, वार्ड 18 के पार्षद अमन चंद्राकर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग, वार्ड नंबर 6 के पार्षद  बबलू हरपाल राजस्व तथा बाजार विभाग, वार्ड 17 के पार्षद शोभना अजय यादव खाद्य नागरिक आपूर्ति पुनर्वास तथा नियोजन विभाग और वार्ड 14 के पार्षद सरला गोलू मदनकार को शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग का सभापति शामिल हैं। इसमें वार्ड तीन के पार्षद व उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार चंद्राकर का नाम न होने से पेंच फंस गया है।

पालिका अधिनियम के जानकारों का कहना है कि प्रेसिडेंट इन काउंसिल में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के अतिरिक्त छह और सदस्य होते हैं।  फिलहाल संख्या एक बढ़ गई है। ऐसे में पालिकाध्यक्ष किसे सभापति पद से हटाएंगी इस पर नगर में कयासों का दौर जारी है। सभापति बनाये गए सदस्यों में डमरूधर मांझी आदिवासी वर्ग से हैं और निर्दलीय चुनाव जीतकर आये हैं। निखिलकांत साहू यूथ कांग्रेस के युवा चेहरा हैं। सर्वाधिक मतों  से इन्होंने चुनाव जीता है। पवन पटेल पूर्व पालिकाध्यक्ष रहे हैं साथ ही बीते तीन माह के राजनीतिक घटनाक्रम में भाजपा से निष्कासित हुए हैं।
 


अन्य पोस्ट