महासमुन्द

आज सुबह फिर से बारिश शुरू, रेड अलर्ट जारी
20-Aug-2022 10:23 PM
आज सुबह फिर से बारिश शुरू, रेड अलर्ट जारी

महासमुंद, 20 अगस्त। तीन दिन बारिश थमने के बाद एक बार फिर आज सुबह से बारिश शुरू है। बंगाल की खाड़ी से सिस्टम बनने से बारिश की  संभावना मौसम विभाग जता रही है। वर्तमान में जो सिस्टम बन रहा है इससे महासमुंद में अति बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने अगामी दिनों 6 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसमें महासमुंद का भी नाम शामिल है। सिस्टम बनते ही महासमुंद में आज सुबह से  आसमान में काले बादल मंडरा रहे हैं। कल दापेहर भी हल्की बारिश हुइ थी।

मालूम हो कि भादो लगते ही तीन दिनों तक भारी बारिश हुई जिससे महासमुंद जिला तरबतर हो गया था। नदी-नाले उफान पर थे।  ग्रामीण इलाकों का संपर्क टूट गया था। एक बार फिर तगड़े सिस्टम से भारी बारिश होने की चेतावनी मिल गई है। महासमुंद कलेक्टर ने जिले में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आपदा प्रबंधन को सतर्क रहने के दिए निर्देश दिए हैं। उन्होंने 24 घंटे आपदा कंट्रोल रूम चालू रहे यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

एमआईडी के मुताबिक अगले 24 घंटों में जशपुर, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया और सरगुजा जिलों में तेज हवाओं के साथ ’भारी वर्षा’  होने की संभावना है। कबीरधाम में भारी से ’अति भारी वर्षा’ होने की संभावना है।  इसी प्रकार अगले 24 घंटों में धमतरी, दुर्ग, नारायणपुर, रायपुर, राजनांदगांव और कांकेर जिलों में भारी से ’अति भारी वर्षा’ होने की संभावना व्यक्त किया है। वहीं 24 घंटों में बिलासपुर, जांजगीर, चांपा, कोरबा, महासमुंद और रायगढ़ जिलों में कई स्थानों पर ’अति भारी वर्षा’ होने की संभावना व्यक्त की है।

महासमुंद जिले में चालू मानसून के दौरान 1 जून 2022 से अब तक 938.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। सर्वाधिक वर्षा  महासमुंद विकासखंड में 1233.6 मिलीमीटर, बसना में 979.4 मिलीमीटर, पिथौरा में 964.8 मिलीमीटर, सरायपाली विकासखंड में 7840 मिलीमीटर और सबसे कम वर्षा 728.8 मिलीमीटर बागबाहरा ब्लॉक में दर्ज की गई। कल शुक्रवार को 1.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। जिले  के तहसीलवार वर्षा में महासमुंद में 3.0, सरायपाली तहसील में 0.6, बसना 1.1, पिथौरा 0.1 एवं बागबाहरा में 1.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।


अन्य पोस्ट