महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अगस्त। कोतवाली पुलिस ने जिला मुख्यालय से गुजरने वाली एनएच-353पर दो अलग-अलग जगहों से दो वाहनों से करीब 57 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 11 लाख 40 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने दोनों कार में सवार तीन युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं एक युवक पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल हो गया। पकड़े गए आरोपी ओडिशा व रायपुर के रहने वाले हैं। कोतवाली पुलिस ने परिवहन में इस्तेमाल गाडिय़ों को भी जब्त कर लिया है।
कोतवाली थाना प्रभारी सिद्धेश्वर सिंह प्रताप ने बताया कि गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति एक सफेद रंग के कार में गांजा लेकर महासमुंद की ओर आ रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर टीम घटनास्थल ग्राम लभराखुर्द नध्या इंफोटेक च्वाईस सेंटर के सामने घेराबंदी कर कार सवार रेलवे स्टेशन चुनाभट्टी रायपुर निवासी जगन्नाथ पटेल (28) व ग्राम चिंदागुड़ा थाना सिंदेकेला जिला बलांगीर ओडिशा निवासी ईशु दास (42) को हिरासत में लिया। कार की तलाशी ली, जिसमें 36 किलो गांजा मिला।
दूसरी घटना में फिंगेश्वर चौक के पास कोतवाली पुलिस ने चार पहिया वाहन से गांजा तस्करी करते हुए ग्राम लोहरापाली राजाखरियार जिला नुआपाडा ओडिशा निवासी तपन सिंह 51 साल को गिरफ्तार किया। इस मामले में एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार नाकेबंदी देख बोलेरो में सवार दो व्यक्ति गाड़ी खड़ी कर भाग रहे थे। उसी दौरान टीम ने तपन सिंह को पकड़ा और दूसरा व्यक्ति मौके पर से फरार हो गया। टीम ने तलाशी के दौरान बोलेरो से 21 किलो गांजा बरामद किया।