महासमुन्द

परमिट शर्तों का उल्लंघन, वाहनों पर डेढ़ लाख जुर्माना
20-Aug-2022 3:00 PM
परमिट शर्तों का उल्लंघन, वाहनों पर डेढ़ लाख जुर्माना

कार्रवाई के बाद भी बस मालिक मनमर्जी किराया वसूलते देखे गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 20 अगस्त। 
‘छत्तीसगढ़’ में खबर प्रकाशन के बाद हरकत में आये परिवहन विभाग ने शुक्रवार को परिवहन अधिकारी, महासमुंद, उडऩदस्ता, रायपुर एवं परिवहन चेक पोस्ट, खम्हारपाली के साथ मिलकर यात्री बसों की संयुक्त चेकिंग की। उक्त कार्रवाई परिवहन आयुक्त, रायपुर के निर्देशानुसार की गई। दूसरी ओर बस संचालक विभागीय कार्रवाई को नजरअंदाज करते हुए कल भी बेख़ौफ़ होकर मनमर्जी किराया वसूलते देखे गए।

इस सम्बन्ध में जि़ला परिवहन अधिकारी आर.के.ध्रुव ने बताया कि कुछ दिनों से मिल रही शिकायतों के चलते यह कार्रवाई की गई। रायपुर सरायपाली मार्ग पर अधिक किराया, बिना परमिट, बिना फिटनेस, बिना टैक्स, बिना बीमा के संचालित वाहनों पर कार्रवाई की गई। परमिट शर्तों का उल्लंघन करते पाये जाने पर 24 वाहनों से 49,300 रूपए समझौता शुल्क वसूल किया गया है। इसके अलावा 1 वाहन का मोटर यान कर बकाया होने के कारण छत्तीसगढ़ मोटर यान कराधान अधिनियम 1991 की धारा 16 (3) के तहत जप्त कर पुलिस थाना, तुमगांव की अभिरक्षा में वाहन खड़ी की गई थी। वाहन स्वामी द्वारा बकाया मोटरयान कर 39,000 रूपए जमा करने के पश्चात वाहन को मुक्त किया गया। सभी को भविष्य के लिए हिदायत दी गई।

कार्रवाई के दौरान  2 वाहनों से 10,000 रूपए समझौता शुल्क वसूल किया गया। बिना बीमा के संचालित 1 वाहन पर  5000  रूपए समझौता शुल्क वसूल किया गया। अधिक किराया वसूल करते पाये जाने पर 3 वाहनों के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए 15,000 रूपए समझौता शुल्क वसूल किया गया।

अन्य अपराध के तहत कुल 18 वाहनों के विरूद्ध कार्रवाई  करते हुए कुल 19,300 रूपए समझौता शुल्क वसूल किया गया। इस तरह कुल 24 वाहनों से कुल 49,300 रूपए समझौता शुल्क वसूल किया गया है।
इसी प्रकार 1 स्कूल बस क्रमांक सीजी 04 एमवाय 4907 का मोटर यान कर बकाया होने के कारण 8000 रुपए जमा कराकर वाहन मुक्त किया गया। एक ओवर लोड मालयान पर  48,000 रूपए समझौता शुल्क वसूल किया गया है।

कार्रवाई के बाद भी बेख़ौफ़ बस संचालक
परिवहन विभाग की उक्त कार्रवाई के बावजूद निजी बस संचालक प्रशासनिक कार्यवाही को धत्ता बताते हुए पूर्व की तरह ही मनमाना किराया वसूलते रहे।
रायपुर से गरीब नवाज बस से पिथौरा आ रहे एक यात्री ने बताया कि उनसे पिथौरा का निर्धारित किराया 125 के स्थान पर 150 रुपये वसूले गए। ज़ब उसने 125 रुपये किराए की बात कही तब उन्हें रास्ते में ही उतरने की सलाह दी गयी। परन्तु यात्री ने मजबूरी में 150 रुपये भी दिए और बस स्टैंड की बजाय नगर से दो किलोमीटर दूर फोरलेन पर ही उतरना पड़ा। बस संचालकों की इस मनमानी से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
 


अन्य पोस्ट