महासमुन्द

सारी बाधाएं दूूर: जैसे ही नीट के परिणाम जारी होंगे, मेडिकल कॉलेज महासमुंद में प्रवेश की प्रक्रियाएं शुरू हो जाएंगी
20-Aug-2022 2:41 PM
सारी बाधाएं दूूर: जैसे ही नीट के परिणाम जारी होंगे, मेडिकल कॉलेज महासमुंद में प्रवेश की प्रक्रियाएं शुरू हो जाएंगी

एनएमसी ने गुरुवार देर शाम लेटर ऑफ  परमिशन जारी किया

महासमुंद, 20 अगस्त। शासकीय मेडिकल कॉलेज महासमुंद की मान्यता को लेकर अब सारी बाधाएं दूर हो गई हैं। इसी सत्र से महासमुंद मेडिकल कॉलेज में भावी डॉक्टरों की पढ़ाई शुरू होने जा रही है। नेशनल मेडिकल कमीशन एनएमसी ने परसों गुरूवार देर शाम लेटर ऑफ परमिशन जारी किया था, जो कॉलेज प्रबंधन को कल शुक्रवार को मिला है। अब जैसे ही नीट के परिणाम जारी होंगे, मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रियाएं भी शुरू हो जाएंगी।

मालूम हो कि महासमुंद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने लगातार दूसरे प्रयास में मान्यता हासिल किया है। लेटर ऑफ परमिशन जारी होते ही नगर में जश्न का माहौल है। इससे पहले 29 जुलाई को ही एनएमसी ने कॉलेज प्रबंधन को 100 एमबीबीएस सीट में शिक्षण सत्र 2022-23 के लिए लेटर ऑफ  इंटेंट जारी किया था। इसका आशय कॉलेज को मान्यता के लिए जरूरी कानूनी और वैधानिक दस्तावेज एनएमसी की ओर से प्रदान करना है। वहीं अब लेटर ऑफ परमिशन मिलने के साथ ही छत्तीसगढ़ प्रदेश में सरकारी मेडिकल कॉलेज की संख्या बढक़र 9 हो गई है। प्रदेश के 7 मेडिकल कॉलेजों में पहले से ही एमबीबीएस की पढ़ाई चल रही है। पिछले साल दुर्ग के एक निजी मेडिकल कॉलेज का सरकार ने अधिग्रहण किया है। रायपुरस रायगढ़, राजनांदगांव, बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर, कांकेर, दुर्ग में एमबीबीएस की पढ़ाई जारी है। इस फेहरिश्त में अब महासमुंद मेडिकल कॉलेज भी शामिल हो गया है।

शासकीय मेडिकल कॉलेज महासमुंद की डीन डा.यास्मिन खान ने कहा कि हमें एनएमसी ने एलओपी प्रदान कर दिया है। अब हम प्रवेश प्रक्रियाओं के संबंध में तैयारी कर रहे हैं और नीट के परिणाम जारी होते ही हमारे संस्थान में भी एमबीबीएस कोर्स के लिए स्टूडेंट्स की प्रवेश प्रक्रियाएं शुरू होंगी।

गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज के लिए सबसे पहले प्रबंधन ने जीएनएम कॉलेज का अधिग्रहण किया। इसके बाद लाइवलीहुड कॉलेज के परिसर के साथ ही वहां गल्र्स व ब्वायज हॉस्टल तैयार किया। साथ ही दूसरे प्रयास में उपकरणों की कमी थी, जिसकी जल्द से जल्द खरीदी कर कमी दूर की। इसके बाद एमपीडब्ल्यू परिसर को भी कॉलेज प्रबंधन ने अधिग्रहित किया, जिसे एनएमसी ने मान लिया।

इन सब के बाद 29 जुलाई को लेटर ऑफ इंटेंट में एनएमसी ने कॉलेज प्रबंधन से कॉलेज के संचालन के लिए राज्य शासन के बजट में फंड का प्रावधान, कोर्स के दौरान मिलने वाली सभी सुविधाओं, संसाधनों के विस्तार व वर्तमान स्थिति के संबंध में शपथ पत्र मांगा था। इस पर स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्रालय, चिकित्सा शिक्षा के प्रमुख सचिव ने एफिडेविट प्रदान किया था। कॉलेज प्रबंधन ने मान्यता के लिए शिक्षण सत्र 2021-22 के लिए सबसे पहले एनएमसी को आवेदन किया था, जहां कॉलेज के लिए पर्याप्त जगह की कमी के साथ ही फैकल्टी व अन्य संसाधनों की कमी को वजह बताते हुए मान्यता रद कर दिया था।

इसके बाद शिक्षण सत्र 2022-23 लिए प्रबंधन ने फिर से आवेदन किया। इसके तहत एनएमसी के तीन सदस्यीय टीम ने कॉलेज का दौरा कर विभिन्न बिंदुओं पर निरीक्षण किया था। इस दौरान स्पेस की कमी को एनएमसी ने फिर से आंका और साथ ही सीटी स्कैन के साथ ही कुछ फैकल्टी की कमी भी बताई। फिर वर्चुअल निरीक्षण किया था, जिसमें स्पेस और अन्य संसाधन ठीक पाए और सीटी स्कैन की व्यवस्था के लिए प्रबंधन को निर्देशित किया था।
 


अन्य पोस्ट