महासमुन्द
43 माह में 3 लाख 61 हजार प्रकरण निराकृत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अगस्त। लोक सेवा गारंटी अधिनियम का लाभ अब जनसामान्य को शासन-प्रशासन की संवेदनशीलता के कारण सहजता से मिलने लगा है। सरकार की मंशा के अनुरूप सभी शासकीय कार्यालयों में लोकसेवा गारंटी के तहत् अधिसूचित सेवाएं समय.सीमा में उपलब्ध होने से शासन.प्रशासन के प्रति जन विश्वास भी बढ़ा है।
विगत 3 वर्ष 7 माह (1 जनवरी 2019 से 31 जुलाई 2022) तक 3 लाख, 60 हजार, 849 प्रकरण निराकृत हुआ। यानि हर महीने 12 हजार प्रकरण विभिन्न विभागों द्वारा निराकृत किए गए। इस दौरान सबसे ज्यादा आवेदन महासमुंद विकासखंड के लोक सेवा केंद्रों में 66 हजार 963 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिले में लोक सेवा गारंटी अधिनियम लागू होने के बाद जिले में अब तक विभिन्न विभागों से लगभग 50 विषयों से संबंधित शुरुआत से अब तक कुल 7 लाख, 48 हजार, 502 आवेदन मिले थे। जिसमें से 6 लाख, 58 हजार, 036 आवेदन समय सीमा में निराकृत किए गए। इसमें से कुछ वापस और कुछ दस्तावेजों की कमी के कारण निरस्त हुए।
मालूम हो कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम वर्ष 2011 से छत्तीसगढ़ राज्य में लागू किया गया है। प्रत्येक व्यक्ति को इस अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार राज्य सरकार द्वारा समय.समय पर यथा अधिसूचित नियत समय के भीतर छत्तीसगढ़ राज्य में लोक सेवा प्राप्त करने का अधिकार दिया गया है। मुख्य तौर पर अब तक सबसे ज्यादा आय प्रमाण पत्र के 1 लाख,57 हजार,591 आवेदन, मूल निवास प्रमाण पत्र के 60 हजार 697, नकल नॉन डिजिटलाईज्ड भूमि दस्तावेज के 56 हजार059, जाति प्रमाण पत्र के 21 हजार,768 आवेदन मिले।
इसी प्रकार जन्म प्रमाण पत्र के 4452 निराकृत किए गए। आवेदन कर्ताओं को पावती आवेदन की प्राप्ति भी दी जा रही है। वहीं प्राप्त आवेदनों की पंजी संधारित की जा रही। कार्यालयों में रोजगार गारंटी अधिनियम की जानकारी भी बोर्ड पर प्रदर्शित की जा रही है।