महासमुन्द

नपा अध्यक्ष चुनाव, मतदान 4 को
03-Aug-2022 10:36 PM
नपा अध्यक्ष चुनाव, मतदान 4 को

 कांग्रेस-भाजपा दोनों में मंथन शुरू 

केस फाइल करने की आशंका से राशि महिलांग की हाईकोर्ट में कैविएट 

भाजपा के निलंबित पार्षद पार्टी के पक्ष में मतदान करने का आश्वासन दे रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 3 अगस्त। नगर
पालिका अध्यक्ष के चुनाव की तिथि कल 4 अगस्त तय होने के बाद कांग्रेस व भाजपा पार्टी में मंथन का दौर शुरू हो गया है। दोनों पार्टी अपने-अपने अध्यक्ष बनाने का दावा कर रहे है। अध्यक्ष के नाम तय होने के बाद ही पार्षद अध्यक्ष के पक्ष में मतदान करेंगे। इस तरह जीत हार का समीकरण नाम तय होने के बाद ही बैठेगा। मतदान करने वाले पार्षदों को अब अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के नाम का इंतजार है। अभी तो भाजपा के निलंबित पार्षद पार्टी में वापसी के लिए वरिष्ठ पदाधिकारियों से मिलकर पक्ष में मतदान करने का आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन अभी तक वरिष्ठ पदाधिकारियों से हरी झंडी नहीं मिली है। 

कल के चुनाव के बारे में दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि 4 तारीख को ही नाम तय होगा। जिसका नाम तय किया जाएगा वही चुनाव लड़ेगा और पार्टी की ओर से उन्हें समर्थन करना होगा। भाजपा के 8 पार्षद वार्ड क्रमांक 7 मीना वर्मा, 8 से मोहम्मद हफीज कुरैशी,  9 से माधवी सिका, 16 से मंगेश टांकसाले, 24 से पवन पटेल व वार्ड क्रमांक 26, मनीष शर्मा, वार्ड 20 महेन्द्र जैन, वार्ड 21 के पार्षद मुन्ना देवार को कांग्रेस के साथ हाथ मिलाने के आरोप में निलंबित किया गया था। कल मंगलवार को यही पार्षद भाजपा के महासमुंद विधानसभा प्रभारी प्रफुल्ल विश्वकर्मा से मिलने गए। 

पार्षद एवं पूर्व नपाध्यक्ष पवन पटेल ने बताया कि सभी पार्षद भाजपा के साथ हैं। कल 4 तारीख को निर्वाचन के संबंध में भाजपा का अध्यक्ष बनाने के लिए विधानसभा महासमुंद के प्रभारी से मिले। आश्वासन तो नहीं मिला, लेकिन विचार करने की बात कही गई है।

जानकारी मिली है कि नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव में वर्तमान के 6 पार्षद व 1 पूर्व पार्षद की ओर से न्यायालय में किसी प्रकार का  केस फाइल करने की आशंका को देखते हुए इनके नाम वार्ड.15 की पार्षद राशि त्रिभुवन महिलांग ने हाईकोर्ट में कैविएट दायर किया है। न्यायालय  में किसी प्रकार का निर्णय देने के पहले उनका पक्ष सुने जाने के लिए लगाया है।

अधिवक्ता अनिल शर्मा ने बताया कि जब किसी व्यक्ति को यह आशंका होती है कि कोई उसके खिलाफ  अदालत में मामला दायर करने जा रहा है तो वह कैविएट पिटीशन के जाता है। यह अदालत को सूचित करने वाली एक सूचना है कि कोई अन्य व्यक्ति उसके खिलाफ  मुकदमा  दर्ज कर सकता है। अदालत को कैविएट दाखिल करने वाले को सूचित करते बात रखने का मौका देना होता है।
 


अन्य पोस्ट