महासमुन्द
जिला न्यायालय में पेश करने की तैयारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 अगस्त। महासमुंद जिले के ग्राम कुहरी वन निगम कक्ष क्रमांक 831 क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण मामले 78 महिलाओं को आज वन निगम जिला न्यायालय में पेश करने जा रहा है। सभी महिलाएं जलकी में एकत्र हैं, जहां से निगम के वाहन से सभी को सरकारी अस्पताल तुमगांव लाया जाएगा। तुमगांव अस्पताल में सभी महिलाओं का मेडिकल टेस्ट होगा। मेडिकल टेस्ट के बाद सभी को जिला न्यायालय महासमुंद में पेश किया जाएगा। न्यायालय निर्णय लेगा कि इन महिलाओं को जेल दाखिल करना है या फिर मुचलके पर छोड़ा जाना है। वन निगम के रेंजर एक्का का कहना है कि इन्होंने निगम क्षेत्र की जमीन पर लगे सागौन के पेड़ों को जड़ से उखाडक़र खेती किया है। इसलिए इन्हें बेघर कर इनके खिलाफ कार्रवाई जारी है।
मामला यह है कि कुहरी, जलकी क्षेत्र में लगभग 40-45 सालों से आदिवासियों का परिवार निवासरत हैं। इन आदिवासियों ने तभी से जंगल की जमीन पर झोपडिय़ां बनाई और जीवकोपार्जन के लिए खेत भी तैयार किए। छह साल पहले भी वन विकास निगम ने इनकी झोपडिय़ों को गिरा दिया और खेती बाड़ी नष्ट कर दी थी। झोपडिय़ों और खेती के स्थान पर सागौन के पेड़ रोप दिए थे। लेकिन थोड़े ही दिन बाद आदिवासी परिवारों ने दुबारा उक्त जमीन पर झोपडिय़ां तैयार की और सागौन के पेड़ों को हटाकर खेती करना शुरू कर दिया।
मंगलवार को रेंजर एक्का की टीम ने कुहरी और जलकी के जंगल में दबिश देकर आदिवासियों को वहां से हकाल दिया और खेतों पर कब्जा करने की कोशिश की तो सारी महिलाएं अपने परिवार के बचाव के लिए सामने आ गईं। उन्हें वन विकास निगम ने कई तरह से समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं मानीं तो विभाग के अफसरों ने उन्हें जेल भेजने के लिए कार्रवाई शुरू की है। कल शाम भी सभी को तुमगांव अस्पताल लाया गया था, लेकिन यहां 20 महिलाओं का ही मेडिकल हो सका था। शाम होने के कारण सभी को वापस गांव में छोड़ दिया गया। आज सुबह से महिलाएं जलकी में आकर खड़ी हैं और वन विकास निगम उन्हें जिला अस्पताल लाने की तैयारी में है।
रेंजर एक्का के मुताबिक यह क्षेत्र आरंग वन विकास निगम क्षेत्र में आता है। यहां अतिक्रमण की मनाही है। मना करने पर ग्रामीण और महिलाएं अफसरों से मारपीट करते हैं। लिहाजा इन्हें आज न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिर न्यायालय के आदेश के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल कुल 78 महिलाओं को अवैध अतिक्रमण करने के अपराध में वन निगम गिरफ्तार कर स्थानीय तुमगांव स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरी मुलाहिजा के लिए लाने की तैयारी जारी है। महिलाएं भी जेल जाने के लिए तैयार हैं। निगम के उच्च अधिकारियों के साथ समेत वन अमला जलकी में मौजूद है।