महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 अगस्त। पालिका के नए अध्यक्ष बनने के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन भाजपा व कांग्रेस पार्टी की ओर से अभी तक उम्मीदवार के नाम पर सहमति नहीं बन पाई है। हालांकि पार्टी के अध्यक्षों का कहना है कि जल्द ही नाम सामने आएंगे। पार्टी के द्वारा चयनित किया गया नाम ही अध्यक्ष के लिए चुनाव में सामने आएगा। शहर में चर्चा है कि भाजपा का पलड़ा अभी भी भारी है। हालांकि भाजपा के कुछ पार्षद निलंबित हो गए हैं। लेकिन वे अभी तक खुद को भाजपाई ही मान रहे हैं। यदि ये पार्षद भाजपा के पक्ष में मतदान करेंगे तो निश्चित तौर पर भाजपा के अध्यक्ष ही कुर्सी पर बैठेंगे। बहरहाल नगर सरकार के निर्वाचन में सिर्फ 2 दिन शेष हैं। पदाधिकारियों के बीच बैठक व मंथन का चल रहा दौर चल रहा है।
बीते 4 जुलाई को महासमुंद नगरपालिका अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास मत पड़े और उन्हें अपनी कुर्सी खोना पड़ी। यहां अब कार्यवाहक अध्यक्ष का कार्यकाल भी समाप्त होने वाला है। अत : अब पालिका में स्थाई अध्यक्ष बिठाने के लिए प्रशासन तैयारी में लग गई है। एक बार फिर भाजपा व कांग्रेस आमने सामने होंगे। इसके लिए पीठासीन अधिकारी ने सम्मिलन की तिथि भी तय कर दी है और पार्षदों को इसकी सूचना नगर पालिका कर्मचारियों के माध्यम से तामील करा दी है।
अध्यक्ष निर्वाचन की तिथि मिलने के बाद ही भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टी में अध्यक्ष के उम्मीदवारों के नाम सामने लाने के लिए मंथन शुरू हो गया है। हालांकि अभी दोनों पार्टी की ओर से किसी का नाम सामने नहीं आया है। सम्मिलन की जानकारी पीठासीन अधिकारी भागवत प्रसाद जायसवाल ने नगर पालिका के पार्षदों को पत्र जारी कर दी है और कहा है कि नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष निर्वाचन के लिए सम्मिलन में उपस्थित हों। सम्मिलन 4 अगस्त को सुबह 11 बजे पालिका में होगा। पालिका अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार सभी पार्षदों को इस संबंध में अवगत करा दिया गया है।
कांग्रेस पार्टी की जिलाध्यक्ष डॉ.रश्मि चंद्राकर का कहना है कि 4 अगस्त को पालिका में नए अध्यक्ष का चुनाव होना है। इसकी तैयारियां चल रही है। इस बार कांग्रेस का अध्यक्ष ही कुर्सी पर बैठेगा। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार के नाम पर मंथन पार्टी के पदाधिकारी कर रहे हैं। जल्द ही नाम सामने आएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी का कहना है कि भाजपा की ओर से पालिकाध्यक्ष के लिए दावेदारी करेंगे। अभी नाम तय नहीं हुआ है लेकिन इसके लिए प्रारंभिक बैठक हो गई है। पार्षदों के निलंबन से भाजपा की संख्या कम होने पर उन्होंने कहा कि संख्या कम है, उसके बाद भी हम दावेदारी करेंगे।