महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 अगस्त। महासमुंद जिले के 10 सरकारी महाविद्यालयों में स्नातक विषय के प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए मेरिट सूची कल सोमवार को प्रबंधन ने जारी कर दी है। जिन छात्र-छात्राओं का नाम मेरिट सूची में अंकित हैं, वे निर्धारित समय तक प्रवेश ले सकते हैं।
फेडरेशन के हड़ताल की वजह से सोमवार को सूची चस्पा होगी या नहीं इस बात को लेकर छात्र-छत्राएं संशय में थे। इसलिए महाविद्यालयों में भीड़ कम रही। माता कर्मा कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.रमेश देवांगन ने बताया कि मेरिट सूची जारी हो गई है। आगामी 5 अगस्त तक प्रवेश की अंतिम तिथि है। मालूम हो कि सभी महाविद्यालयों में सामान्य में 70 प्रतिशत एवरेज कटआफ गया है। वहीं ओबीसी में भी 70 प्रतिशत कटआफ गया है। इस बार दूसरे चरण के लिए मात्र दो दिन का समय ही समय मिल पाएगा। जानकारी के मुताबिक प्रथम चरण की प्रक्रिया के बाद यदि सीट खाली रही तो दूसरे चरण के लिए आवेदन मंगाए जाएंगे। इसके लिए पोर्टल 6 को खुलेगा और 7 अगस्त को बंद हो जाएगा। पोर्टल में ऑनलाइन आवेदन वही करेंगे, जिन्होंने अब तक कहीं भी आवेदन नहीं किया है।