महासमुन्द

आधी रात पर्रापाठ पुल के आगे सडक़ से उतरकर खेत में पलट गई बस, माह भर में दूसरी बार पलटी
02-Aug-2022 5:37 PM
आधी रात पर्रापाठ पुल के आगे सडक़ से उतरकर खेत में पलट गई बस, माह भर में दूसरी बार पलटी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 अगस्त।
राजधानी रायपुर से ओडिशा-भुवनेश्वर तक चलने वाली डॉलफि न बस एक बार फिर बसना थाना क्षेत्र में पलट गई। जिसमें सवार कुछ यात्रियों को हल्की चोटें तथा बस के सामने की कांच पूरी तरह टूट गई है। माह भर के भीतर यह दूसरी घटना है जिसमें डॉलफिन बस बसना थाना क्षेत्र में पलटी है। 

यह घटना बीती रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जब बसना थाना के पर्रापाठ पुल के आगे यह बस सडक़ से उतरकर खेत में पलटी। घटना के वक्त बस मेंं करीब 12-13 यात्री सवार थे। 

चर्चा है कि रात में चलने वाली अधिकांश बसें ओवरस्पीड के साथ ओवरलोड भी रहती हंै। जिसके चलते अक्सर इन बसों में नियंत्रण खोने का डर व ऐसे हादसे होने की संभावना बनी रहती है। वैसे यात्री बसों की बात करें तो अधिकांश बसों में क्षमता से अधिक यात्रियों और सामान लोड कर परिवहन किया जाता है। इन बसों में यात्री कम और सामान अधिक होता है। रात्रि में चलने वाली कई बसें मालवाहक बन चुकी हैं। 

जशपुर, ओडिशा की ओर गुजरने वाली बसों का अक्सर यही हाल दिखता है। इस तरह बीती रात हादसे में समाचार लिखते तक बस में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। 
 


अन्य पोस्ट