महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 अगस्त। बसना पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में ओडिशा के 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी पिकअप वाहन में ओडिशा से गांजा लेकर महासमुंद की ओर आ रहे थे। टीम ने इनकी गाड़ी से 32 किलो गांजा कीमती 64 हजार रुपए बरामद किया है। पुलिस ने तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बसना थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर ने बताया कि उनकी टीम 31 जुलाई को ग्राम पलसापाली बैरियर पहुंचकर ओडिशा से आने वाली गाडिय़ों को चेकिंग कर रहे थे। उसी समय पदमपुर रोड की तरफ से एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप वाहन आते दिखा। इसमें दो व्यक्ति ग्राम भालीयापदर थाना मुनुमुंडा जिला बौद्ध ओडिशा निवासी उत्तम गेजा (32) एवं ग्राम जगती थाना जिला बौद्ध ओडिशा निवासी टंकधर सेठी (20) सवार थे।
गाड़ी को रुकवाकर दोनों से पूछताछ की गई। इसके बाद वाहन की चेकिंग की तो गाड़ी के बाजू सीट के नीचे सफेद रंग की बोरी रखा हुआ था। बोरी की तलाशी लेने पर 32 पैकेट खाकी रंग के टैप में टेपिंग हुआ गांजा मिला।
इसके बाद टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया और गांजा सहित बोलेरो वाहन कीमत 5 लाख, मोबाइल कीमत 3500 रुपए को जब्त किया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर शिवरीनारायण में खपाने के लिए ले जा रहे थे।