महासमुन्द

भालू के हमले से बुजुर्ग जख्मी
02-Aug-2022 4:07 PM
भालू के हमले से बुजुर्ग जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 2 अगस्त।
समीप के बारनवापारा अभ्यारण के समीप कोठारी परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गुढ़ागढ़ के बुजुर्ग को भालू ने अचानक हमला करते हुए गंभीर रूप से जख्मी कर दिया । 
परिक्षेत्र अधिकारी पवन सिन्हा के अनुसार रविवार को दोपहर 2.30 चमरू बरिहा पिता बोधराम बरिहा (62 वर्ष)  अपने दो अन्य साथीयों के साथ ग्राम गुढ़ागढ़ से जलाऊ लकड़ी के लिए कोठारी परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 178 जंगल की ओर गए थे तभी तीन भालुओं ने अचानक लकड़ी इकठ्ठा कर रहे चमरू बरिहा पर हमला कर दिया। तभी इनके दो और साथी घबरा कर दूर भाग निकले। 

इस बीच भालू और चमरू के मध्य युद्ध जैसी स्थिति हो गई । भालुओं से बीच बचाव में चमरू के सिर, पैर, हाथ पर गहरी चोट आई है। खून से लथपथ हालात में चमरू बचाने की गुहार लगता चिल्लाने लगा तभी उनके साथी आये और हालात देख घबरा गए। आनन फानन में इसकी सूचना घर वालों और वन अमले को दी गयी। तब मुख्यालय में मौजूद वन रक्षक और सहायक परिक्षेत्र अधिकारी तुरतुरिया ने गांव वालों की सहयोग से जिप्सी में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बार लाया गया। 

इस दौरान कोठारी परिक्षेत्र अधिकारी के निर्देशानुसार सहायक परिक्षेत्र अधिकारी एसपी जाधव ने त्वरित तौर से प्रारंभिक इलाज के लिये पीडि़त परिवार को 2000 रुपये नगद दिया । जहाँ उनका प्राथमिक उपचार किया गया। हालात और गहरे जख्म को देखते हुए घायल को कसडोल स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
 


अन्य पोस्ट