महासमुन्द
सिकासेर बांध से बोकरामुड़ा तक 130 किलोमीटर नहर का निर्माण होगा
सांसद के प्रस्ताव पर राज्य शासन डीपीआर तैयार करवा रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 अगस्त। कोडार जलाशय को भरने के लिए उसे सिकासेर बांध से जोडऩे की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए सांसद चुन्नी लाल साहू द्वारा प्रस्तुत आवेदन को राज्य शासन ने अपनी बजट शामिल कर लिया है और इसके संबंध में अधिकारियों को सर्वे कर डीपीआर तैयार करने के आदेश दे दिया है। कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में नए प्रोजेक्ट को लेकर काम होगा। इस नए प्रोजेक्ट से अब जिले के वृह्द जलाशय कोडार को भरने की चिंता दूर हो जाएगी और किसानों को खरीफ के साथ रबी सीजन में भी भरपूर पानी मिल सकेगा।
जानकारी के मुताबिक गरियाबंद में अच्छी बारिश से सिकासेर जलाशय लबालब हो जाता है और उसका पानी व्यर्थ बहता है। अब इसी बांध के दाएं तट से पानी को नहर निर्माण के माध्यम से कोडार जलाशय में लाने के लिए प्रोजेक्ट तैयार कराया जा रहा है।
सांसद चुन्नी लाल साहू ने इस मामले में ‘छत्तीसगढ़’ से कहा है कि राज्य शासन को इस प्रोजेक्ट के लिए पत्र लिखकर ध्यानाकर्षण कराते हुए कार्रवाई की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य शासन ने इसे बजट में लाया और स्वीकृति प्रदान की है।
सांसद चुन्नी लाल साहू ने बताया कि सिकासेर जलाशय के दाएं तट से कोडार जलाशय तक नहर के माध्यम से पानी लाने के लिए राज्य शासन को दो करोड़ रुपए का प्लान भेजा था और बजट में लाने की मांग की थी। यह पत्र 23 फरवरी 2021 को भेजा गया था। जिसे इस साल के बजट में सम्मिलित कर स्वीकृति प्रदान की है। लेकिन राशि 1 करोड़ का प्रस्तावित हुआ है। इस संबंध में कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने पत्र के माध्यम से इसकी जानकारी दी है, वहीं गरियाबंद जिले के जल संसाधन विभाग को सर्वे और डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
सांसद ने बताया कि सिकासेर बांध से बागबाहरा के बोकरामुड़ा यानी 130 किलोमीटर तक नहर का निर्माण होगा। इसी नहर से से सिकासेर का पानी बागबाहरा होते हुए सीधे कोडार जलाशय में पहुंचेगा। वहीं सिकासेर के पानी को राजिम क्षेत्र में भी लाने का प्लान तैयार हो रहा है।
कोडार जलाशय की सिंचाई क्षमता 16 हजार 754 हेक्टेयर है। ये खरीफ सीजन का है। रबी सीजन में 6 हेक्टेयर की क्षमता है। खरीफ सीजन में जैसे तैसे पानी किसानों को मिल जाता है, लेकिन रबी सीजन में परेशानी होती है। इस नए प्रोजेक्टर से क्षेत्र के किसान फसल की सिंचाई दोनों ही सीजन में बड़ी आसानी से कर पाएंगे। बांध में पानी भरा रहेगा तो विभाग भी किसानों को पानी देगा।
गौरतलब है कि कोडार जलाशय का कैच मेंट बागबाहरा क्षेत्र है। इस क्षेत्र में बारिश से कोडार जलाशय की स्थिति स्पष्ट होती है कि इस साल जलाशय भरेगा या नहीं। वर्तमान में बागबाहरा क्षेत्र में उम्मीद से कम बारिश हुुई है, इसलिए इस वृह्द जलाशय कोडार व केशवा में मात्र 18 फीट ही पानी भर पाया है।